Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

मनदीप की मेहनत ने ऊंचा किया देश का नाम

Published - Sat 15, May 2021

मनदीप कौर वो भारतीय महिला हैं, जिन्होंने अपना सफर टैक्सी चलाने से शुरू किया था, लेकिन आज वो न्यूजीलैंड पुलिस का हिस्सा हैं। मनदीप की नियुक्ति सीनियर कांस्टेबल के रूप में हुई थी, अब वो सार्जेंट बन चुकी हैं। इस पद तक पहुंचने वाली भी वो पहल भारतीय महिला हैं।

mandeep kaur

नई दिल्ली। सपने बड़े देखिए, उनके पीछे भागिए, मेहनत कीजिए वो जरूर पूरे होते हैं। कुछ ऐसा ही पंजाब में जन्मी मनदीप कौर ने भी किया। वो बचपन से विदेश में बसना और कुछ बड़ा करना चाहती थीं। वो आज उस मुकाम पर पहुंच गई हैं। न्यूजीलैंड पुलिस में पहली भारतीय महिला का खिताब मनदीप के नाम है। लेकिन यहां तक पहुंचना उनके लिए आसान नहीं था, खूब मेहनत की और सफलता भी पाई।

भारत से जुड़ी हैं जड़ें
पंजाब के कमाले गांव में जन्मीं मनदीप। जन्म के कुछ समय बाद चंडीगढ़ आ गईं। उम्र बढ़ी तो परिवारवालों ने शादी कर दी। दो बच्चे भी हो गए, लेकिन आंखों में कुछ सपने थे, जिन्हें पूरा करने का इरादा नहीं टूटा। 1996 में ऑस्ट्रेलिया चली गईं। यहां उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और फिर यहां से न्यूजीलैंड पहुंची। महंगा देश था, पास में इतना पैसा भी नहीं था कि कुछ कर सकें। घर चलाने के लिए पेट्रोल पंप पर काम शुरू किया। साथ ही सेल्स गर्ल का काम भी किया। अंग्रेजी बहुत ज्यादा अच्छी नहीं थी, लेकिन हार नहीं मानीं।

टैक्सी चलाना शुरू किया
मनदीप ने यहां 1999 में टैक्सी चलाना शुरू किया। इस दौरान एक वीमेन हॉस्टल में रहती थीं। एक बार उनकी मुलाकात एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी से हुई। जो वहां रिसेप्शनिस्ट का काम करते थे। मनदीप उनसे बहुत प्रभावित हुई और ठान लिया कि पुलिस में जाना है। जॉन पेग्लर नाम के इस शख्स से उनका रिश्ता एक पिता की तरह हो गया। मनदीप अपनी परेशानी, सपने उनके साथ शेयर करतीं, वो उन्हें पुलिस के बारे में बताते। उन्होंने एक बार जॉन से पुलिस सेवा की इच्छा ज़ाहिर की। पेग्लर और उनके परिवारवाले मनदीप की मदद करने लगे। सबसे पहले उन्होंने मनदीप को वजन कम करने के लिए प्रेरित किया और मनदीप ने बीस किलो वजन कम किया। 2004 में उन्होंने पुलिस सेवा जॉइन कर ली। मनदीप की नियुक्ति सीनियर कांस्टेबल के रूप में हुई थी, अब वो सार्जेंट बन चुकी हैं। इस पद तक पहुंचने वाली भी वो पहल भारतीय महिला हैं।