Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

रिचा ने कछुए को प्लास्टिक खाते देख शुरू किया अभियान

Published - Sun 24, May 2020

प्लास्टिक कचरों से समुद्र और सामुद्रिक जीवों के नुकसान को देखते हुए उन्होंने अपने स्टार्टअप के तहत एक ‘प्लास्टिक फुटप्रिंट कैलकुलेटर' बनाया।

richa malik

दिल्ली की रहने वाली रिचा मलिक को हमेशा से ही समुद्र से प्यार रहा है। उन्होंने पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई की, बाद में इंजीनियरिंग में मन नहीं लगा तो एमबीए कर लिया। इसके बाद एक कॉरपोरेट कंपनी में काम करने लगी। रिचा को पानी और समुद्र से बेहद लगाव है, अपने इसी शोक के चलते नौकरी के दौरान ही स्कूबा डाइविंग करने गई। यहां उन्हें इतना मजा आया कि उन्होंने नौकरी छोड़कर और स्कूबा डाइविंग इंस्ट्रक्टर बनने का फैसला कर लिया। इसकी पढ़ाई करने के लिए वह इंडोनेशिया गई। स्कूबा डाइविंग इंस्ट्रक्टर के कोर्स के दौरान ही वहीं पर वह लोगों को सिखाने भी लगी। उन्होंने विभिन्न देशों में लगभग पांच सौ डाइव किए हैं। जहां-जहां वह गई हर जगह समुद्र में प्लास्टिक का कचरा देखने को मिला। ऐसे ही एक डाइविंग के दौरान उन्होंने देखा कि एक कछुआ प्लास्टिक को जैलीफिश समझ उसकी तरफ बढ़ रहा था। उन्होंने उस कछुए को तो बचा लिया। लेकिन एक बात उनके दिमाग में बैठ गई कि यह कचरा सिर्फ समुद्री तटों को ही प्रदूषित नहीं कर रहा, बल्कि इसके कारण हर साल समुद्री जीव-जंतुओं की कई प्रजातियां भी खत्म हो रही हैं। उन्होंने सोचा कि आखिरकार किसी न किसी को तो आगे आना ही होगा। इसी सोच से शुरू हुआ द हैप्पी टर्टल अभियान, जिसका उद्देश्य प्लास्टिक कचरे को कम करना और कछुओं समेत अन्य समुद्री जीवों की रक्षा करना है।

ऐसे शुरू हुआ सफर
रिचा कहती हैं कि भारत लौटकर मैंने एक स्टार्टअप शुरू किया। काम करते हुए मुझे समझ में आया कि प्लास्टिक तब तक खत्म नहीं हो सकता, जब तक यह लोगों की जीवन शैली का हिस्सा है। अचानक से इसका इस्तेमाल खत्म नहीं किया जा सकता, पर छोटे-छोटे कदम उठाकर हम इससे छुटकारा जरूर पा सकते हैं। 

फुटप्रिंट कैलकुलेटर
हम हर दिन कितना प्लास्टिक इस्तेमाल करते हैं, लोगों को यह बताने के लिए मैंने अपने स्टार्टअप के तहत ‘प्लास्टिक फुटप्रिंट कैलकुलेटर' बनाया। इसमें इसकी जांच की जा सकती है कि हर दिन हम कितना प्लास्टिक का कचरा उत्पन्न कर रहे हैं।

इको-फ्रेंडली उत्पाद
अब हम अपने स्टार्टअप के माध्यम से 45 से ज्यादा पर्यावरण अनुकूल उत्पाद बना रहे हैं। ये उत्पाद बांस से बनते हैं। बांस बायोडिग्रेडेबल है, जिसे प्लास्टिक के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। हमारे उत्पाद बार-बार इस्तेमाल किए जा सकते हैं।