Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

कर्नाटकखोला में हुई चौपाल में उठीं ज्वलंत समस्याएं

Published - Fri 13, Sep 2019

अमर उजाला अपराजिता के अंतर्गत हुआ कार्यक्रम, सुरंग से लेकर रास्ते, स्ट्रीट लाइट, जंगली जानवर और आवारा कुत्तों का मुद्दा भी उठा

aparajita

अल्मोड़ा। अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के अंतर्गत कर्नाटकखोला में आयोजित चौपाल में समस्याओं से परेशान लोगों ने खुलकर अपनी बात रखी। इसमें क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याएं उठीं। क्षेत्र के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने लोअर माल रोड से धारानौला तक सुरंग मार्ग के निर्माण को मंजूरी दी थी लेकिन आज तक इस सुरंग का निर्माण शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटकखोला-रैलापाली मार्ग के निर्माण के लिए पूर्व की सरकार ने सैद्धांतिक स्वीकृति के साथ ही वित्तीय मंजूरी भी दे दी थी, लेकिन मार्ग का काम शुरू नहीं हुआ है।
कुलदीप सिंह ने कहा कि गणेश मंदिर के पास से आने वाले नाले में लोग सरेआम गंदगी बहाते हैं। समाधान पोर्टल के जरिए भी इस समस्या को उठाया लेकिन कुछ नहीं हुआ। देवेंद्र प्रसाद कर्नाटक ने बताया कि राष्ट्रीय राज मार्ग का सारा पानी नीचे की तरफ कॉलोनी में आता है। कई बार यह पानी घरों में घुसता है। भुवन चंद्र जोशी ने कहा कि प्राधिकरण के कारण लोगों के लिए छोटा सा घर बनाना भी मुश्किल हो रहा है।  पीसी जोशी ने बताया कि रोडवेज वर्कशॉप से चौसार होकर जाखनदेवी जाने वाला रास्ता जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। चंद्र दत्त जोशी ने कहा कि कई स्थानों में नगरपालिका की स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। प्रमोद नैनवाल ने कहा कि कर्नाटकखोला सहित पूरे अल्मोड़ा में ही बारिश के दौरान छत का पानी सीधे रास्तों में गिरता है। इसके लिए नगरपालिका और प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती। पूरन चंद्र तिवारी ने भी जल निकासी की समस्या को उठाया। डॉ. करन कर्नाटक ने कहा कि कर्नाटकखोला में स्थित मैदान को पूर्व सीएम नित्यानंद स्वामी ने मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।  ओमप्रकाश कांडपाल ने रास्तों की खराब स्थिति का मामला उठाया।

महिलाओं ने भी बढ़चढ़कर रखीं समस्याएं

  •  हाल में गांव का इलाका नगरपालिका में शामिल किया गया, लेकिन लोग मझधार में हैं। पालिका वाले सुविधा नहीं दे रहे हैं और ग्रामसभा वालों का कहना है कि आप अब नगरपालिका में जा चुके हो। - लवी जोशी
  • नगरपालिका ने नए इलाके में स्ट्रीट लाइट तक नहीं लगाई है। रैलाकोट इलाके में स्वच्छकार कर्मचारी भी नहीं भेजे जा रहे हैं। - कविता पांडे
  • कर्नाटकखोला इलाके में रात में पुलिस की गश्त होनी चाहिए। सुरक्षा के लिए प्रमुख रास्तों में सीसीटीवी भी लगाए जाएं। - तनुजा गुरुरानी
  • नगरपालिका क्षेत्र होने के बावजूद सफाई व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। कई इलाकों में पथ प्रकाश नहीं होने से रात लोग असुरक्षित महसूस करते हैं। - रेखा जोशी