Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

नन्हा मेहमान चाहती हैं तो खानपान का रखें ध्यान

Published - Thu 28, Nov 2019

कृत्रिम तत्व, सिंथेटिक हार्मोंस और दूषित पदार्थ गर्भधारण करने की संभावना को कर देते हैं कम

pregnant

डॉ. आकांक्षा गुप्ता, स्त्री रोग विशेषज्ञ नोएडा

अगर आप गर्भधारण करने का मन बना रही हैं तो खानपान के मामले में थोड़ा सतर्क हो जाएं। कई खाद्य पदार्थ इसमें रुकावट पैदा कर सकते हैं। कुछ कृत्रिम तत्व, सिंथेटिक हार्मोंस और दूषित पदार्थ गर्भधारण करने की संभावना को कम कर देते हैं। इसलिए गर्भधारण करने वाली महिलाओं के खानपान में पोषण तत्त्वों का होना बहुत जरूरी है। डाइट के एक हिस्से में पर्याप्त फल, सब्जियां और साबुत अनाज का होना आवश्यक है। हालांकि इसका भी ध्यान रखें, जिन खाद्य पदार्थ का सेवन कर रही हैं, वो नुकसानदायक तो नहीं है। अगर आप गर्भवती हैं तो ऐसा डाइट चार्ट बनाएं जो स्वास्थ्य के लिए अच्छा हो।

हाई-मरकरी फिश से करें परहेज
मरकरी तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचा सकती है। मरकरी युक्त समुद्री भोजन जैसे स्वोर्डफिश और टूना मछली का सेवन भ्रूण को सीधे नुकसान पहुंचता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, गर्भवती होने से पहले हाई-मरकरी फिश खाने से शरीर में मरकरी के भंडार का निर्माण हो सकता है। यह शिशु के तंत्रिका तंत्र के  विकास को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में थोड़ा ध्यान रखें।

सोडे का इस्तेमाल नहीं करें
कुछ अध्ययनों में सोडा को प्रजनन क्षमता के लिए हानिकारक बताया गया है। ज्यादातर सॉफ्ट ड्रिंक कंटेनर में आते हैं, जिनमें इंडस्ट्रियल केमिकल (बीपीए) और अन्य रसायन होते हैं। गर्भवती महिलाओं को इससे बचना चाहिए। यह भ्रूण के लिए खतरनाक हो सकते हैं।

ट्रांस फैट से रहें दूर
कुछ खाद्य पदार्थों में ट्रांस फैट पाए जाते हैं, जैसे चिप्स या माइक्रोवेव पॉपकॉर्न आदि। तले हुए भोजन इंसुलिन प्रतिरोध का कारण बनते हैं, जो प्रजनन क्षमता को प्रभावित करते हैं। ट्रांस फैट रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पोषक तत्वों के प्रवाह को प्रजनन प्रणाली में जाने से रोक सकते हैं। ट्रांस फैट पुरुषों में शुक्राणुओं को भी कम करते हैं। इससे गर्भधारण में दिक्कत हो सकती है।

उच्च ग्लाइसेमिक-इंडेक्स फूड
यदि आप अपनी प्रजनन क्षमता को बढ़ाना चाहते हैं, तो उन खाद्य पदार्थों से बचें जो रक्त शर्करा को बढ़ाते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, ब्लड शुगर हार्मोन को बदल सकता है और ओव्यूलेशन को बाधित कर सकता है। खाने में प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट्स शामिल करें।

शराब का सेवन करने से बचें
गर्भवती महिलाओं को शराब से बचना चाहिए। मरकरी की तरह शराब भी प्रजनन में दिक्कत कर सकती है। यह शरीर में विटामिन बी की कमी कर सकता है। विटामिन बी गर्भधारण की संभावनाओं को बेहतर बनाता है और भ्रूण के विकास का मदद करता है।