Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

‘खेल से जुड़ें महिलाएं, बढ़ेगा आत्मविश्वास’

Published - Thu 13, Dec 2018

अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स से जुड़ीं अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता नागर

babita nagaraparajita

ग्रेटर नोएडा। अंतरराष्ट्रीय पहलवान व कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता बबीता नागर भी अमर उजाला के ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ अभियान से जुड़ गई हैं। बबीता ने गांव सादुल्लापुर में अपनी अकादमी में अपराजिता का पोस्टर लांच किया। बबीता ने अमर उजाला की इस मुहिम की सराहना की और कहा कि महिलाओं को खेल से जुड़ना  चाहिए। इससे उनके अंदर आत्मविश्वास तो बढ़ेगा ही, साथ ही सम्मान भी मिलेगा। ग्रेटर नोएडा के सादुल्लापुर गांव की रहने वाली बबीता नागर ने 2005 के कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता था। वर्ष 2009 के शहीद भगत सिंह  इंटरनेशनल टूर्नामेंट में बबीता ने चौथा स्थान हासिल किया था। इसके अलावा वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई बार चैंपियन रह चुकी हैं। बबीता का कहना है कि मैं ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के सशक्तीकरण पर काम कर रही हूं। 20 साल पहले बहुत दयनीय स्थिति थी। महिलाओं को घर से बाहर निकलने नहीं दिया जाता था, लेकिन अब स्थिति में काफी बदलाव आया है। अब हर क्षेत्र में महिलाएं अच्छा काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मैं अमर उजाला की इस मुहिम से काफी प्रभावित हूं। यह काफी सफल साबित हो रही है। मैं इसके लिए अमर उजाला को विशेष तौर पर
 धन्यवाद देती हूं।