Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

महिलाओं को मिलेगी मदद :मैत्रेयी पुष्पा

Published - Tue 04, Dec 2018

वरिष्ठ साहित्यकार ने अमर उजाला के अभियान ‘अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स’ का पोस्टर लांच किया

maitreyi pushpa


नोएडा। वरिष्ठ साहित्यकार मैत्रेयी पुष्पा ने अमर उजाला के अभियान ‘अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स’का पोस्टर लांच किया। इस मौके पर उन्होंने अमर उजाला के अभियान की सराहना की और खुशी जताते हुए कहा कि इससे बेटियों और महिलाओं को काफी मदद मिलेगी। स्त्री को तो पराजित ही समझा गया है और मान लिया गया है कि वह पराजित ही रहेगी। लेकिन जब पराजित न होने का संकल्प ले लेती है तो वह अपराजिता कहलाती है। यही वजह है कि स्त्री को हिम्मत देने की जरूरत है। हालांकि उनकी सफलता की राह में कई बाधाएं भी आती हैं। समाज और परिवेश के मुताबिक उनको आगे बढ़ने में कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उन पर पुरुषों की बनाई नीतियां थोपी जाती हैं। कई बार उन्होंने उन नीतियों का समर्थन भी किया। चाहे वह अच्छा हो या बुरा। यहीं वह पराजित हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि अमर उजाला के अभियान को सफल बनाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को आगे आना चाहिए, क्योंकि वे एक पीढ़ी तैयार करते हैं। लिहाजा उन पर पूरा दारोमदार है। अगर बेटियों को यह नहीं बताया कि वह जिंदगी में कैसे चलें, कौन सा रास्ता चुनें तो फिर शिक्षित करने का काम अधूरा रह गया। जिंदगी में केवल डिग्री लेना ही जरूरी नहीं होता है। उन्होंने  कहा कि अमर उजाला का यह अभियान जगह-जगह जाए और वहां के लोग भी दूसरों को जागरूक करें कि लड़कियों को आगे बढ़ाने और रास्ता दिखाने के लिए और लोग जुड़ें। बुद्धिजीवियों को भी बताया जाए और उनको आंदोलन में शामिल कराया जाए ताकि यह अभियान काफी आगे बढ़े।