Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

महिलाओं को मिले बराबर अधिकार : राम सुतार

Published - Tue 04, Dec 2018

पद्म भूषण प्राप्त प्रसिद्ध मूर्तिकार ने ‘अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स’ अभियान की सराहना की

ramsutar

नोएडा। पद्म भूषण प्राप्त प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने अमर उजाला के अभियान ‘अपराजिता 100 मिलियन स्माईल्स’की काफी सराहना की। अभियान से जुड़ते हुए उन्होंने कहा कि अमर उजाला का यह अभियान स्त्रियों को सबल बनाने में बेहतर भूमिका निभाएगा। प्रत्येक स्त्री को शिक्षा मिलनी चाहिए। उनको शिक्षित करने के लिए घर, परिवार और समाज को आगे आना होगा। यही नहीं,स्त्रियों को खुद भी आगे बढ़कर शिक्षित होने की कोशिश करनी होगी। सुतार ने कहा कि समाज ने जितने अधिकार और शक्तियां पुरुषों को दी हैं, उतने ही अधिकार और शक्तियां स्त्रियों को भी मिलनी चाहिए। उनको  स्वतंत्रता भी मिलनी चाहिए, ताकि वे किसी भी पटल पर अपने विचार रख सकें। जब दुनिया उनके विचारों से अवगत होगी तो स्त्रियों की शक्ति का पता चलेगा। पहले के जमाने में स्त्रियां शिक्षित नहीं होती थीं। यही वजह है कि वह दबाव में आ जाती थीं। लेकिन अब ऐसा नहीं है। स्त्रियां भी कदम से कदम मिलाकर चल रहीं हैं। हालांकि अभी भी करोड़ों ऐसी स्त्रियां हैं जिनको जागरूक करने की जरूरत है। उनको आगे बढ़ाना होगा। यह हम सब की जिम्मेदारी है। तभी उनको दुनिया में उच्च स्थान मिल पाएगा।