Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

अभियान बनेगा महिलाओं की प्रेरणा

Published - Sun 09, Dec 2018

साहित्यकार प्रयाग शुक्ल ने किया ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ का पोस्टर लांच

prayag shukl

नोएडा। उसके चेहरे में बसी है एक पीड़ा, वह हंसती है तो और उभर आती है ...। नारी जीवन की पीड़ा को समझना आसान नहीं, और उसे शब्दों में  पिरोकर साहित्य सृजन और भी मुश्किल है। लेकिन जो अपने जीवन और समाज में नारी के महत्व को समझते हैं उनके लिए यह कोई बड़ी बात नहीं है। ऐसे  ही एक साहित्यकार प्रयाग शुक्ल अमर उजाला के अभियान ‘अपराजिता 100  मिलियन स्माइल्स’ से जुड़ गए हैं।  शरद जोशी सम्मान, द्विजदेव सम्मान जैसे कई पुरस्कारों के विजेता प्रयाग शुक्ल ने सेक्टर - 93 स्थित अपने आवास पर अपराजिता का पोस्टर लांच किया। प्रयाग शुक्ल ने अमर  उजाला के अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अभियान एक बेहतर उद्देश्य के लिए शुरू हुआ है और अपने उद्देश्य प्राप्ति तक इसे चलते रहना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जीवन के हर कदम पर उन्हें महिलाओं का सहयोग और उनसे प्रेरणा मिली है। बचपन से बहन उसके बाद पत्नी और फिर दो बेटियां उनके जीवन में मार्गदर्शक बनी। नारी ही सकारात्मक सोच को आगे ले जा सकती है। लोग कहते हैं भारतीय नारी महान है और इस महानता की ओट में उसका दायरा निश्चित कर देते हैं। जबकि नारी तो हर देश, काल, धर्म में महान ही है। हम यदि पुरातन ग्रंथों का अध्ययन करें तो पता चलेगा कि पुरातन काल में नारी ने कैसे सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है । लेकिन धीरे-धीरे नारी को संकुचित दायरों में बाधा गया। जब मैं कॅरिअर की शुरूआत में दिल्ली आया था तो यह देखता था कि मेडिकल जैसे कुछ क्षेत्रों को छोड़कर नारी कहीं देखने को नहीं मिलती । लेकिन अब समय बदल रहा है नारी हर दिशा में आगे बढ़ रही है। ‘अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स’ जैसे अभियान ऐसी आगे बढ़ने वाली महिलाओं के प्रेरणास्त्रोत बनेंगे।  नारी जननी है उससे ही सृष्टि है जो इस बात को समझते हैं वह हमेशा नारी का सम्मान करते हैं और हर किसी को यह बात समझनी चाहिए।