Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

जनांदोलन साबित होगा अभियान : राम नाईक

Published - Tue 04, Dec 2018

राज्यपाल ने जारी किया अपराजिता का पोस्टर

Ram Naik

लखनऊ। राज्यपाल राम नाईक ने अमर उजाला की पहल ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ का पोस्टर जारी किया। उन्होंने कहा कि  यह अभियान नारी गरिमा की दिशा में जनांदोलन साबित होगा। यह अभियान अभिनंदनीय व अनुकरणीय है जो जन-जन के बीच पहुंचकर एक  जनांदोलन का रूप ले लेगा।  ‘अपराजिता’ से ऐसा वातावरण बनेगा,जिसमें हर कोई महसूस करेगा कि पुरुष और महिला एक गाड़ी के दो पहिए हैं। दोनों पहिए साथ चलेंगे तो ही गाड़ी आगे जा सकती है। नाईक ने बताया कि रेल राज्यमंत्री रहने के दौरान उन्होंने मुंबई में कामकाजी महिलाओं की दिक्कत दूर करने के लिए मध्य व पश्चिम रेलवे में सुबह शाम 3-3 लोकल ट्रेन शुरू कराई थी। फल, सब्जी और मछली बेचने वाली महिलाओं  के लिए लोकल ट्रेन में एक स्पेशल लगेज कोच भी लगवाया था। एनडीए सरकार में पेट्रोलियम मंत्री रहते उन्होंने 4 करोड़ परिवारों को गैस कनेक्शन देकर महिलाओं को बड़ी राहत दी थी। इससे महिलाओं को लकड़ी, कोयले पर खाना बनाने से मुक्ति मिली। राज्यपाल ने बताया कि बेबी फूड पर प्रतिबंध और मां के दूध के महत्व के प्रचार-प्रसार के लिए वे प्राइवेट बिल लेकर आए थे। उन्होंने  कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यूपी की महिलाओं ने लंबी
छलांग लगाई है। राज्य विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह में इस साल 56 फीसदी यानी 7.15  लाख डिग्रियां छात्राओं ने हासिल कीं। गत वर्ष यह संख्या 51 फीसदी थी।