Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

17 महिलाओं को फिक्की फ्लो महिला पुरस्कार से किया गया सम्मानित 

Published - Mon 15, Mar 2021

समाज के विभिन्न वर्गों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाली महिलाओं को विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने सम्मानित  किया।

ficci afflow awards 2021

लखनऊ के हजरतगंज स्थित विश्वेश्वरैया ऑडिटोरियम में शनिवार को फिक्की फ्लो लखनऊ कानपुर चैप्टर ने अपने छठे वार्षिक फ्लो यूपी महिला पुरस्कारों का आयोजन किया, जिसमें 17 महिलाओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए यूपी वीमेन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित और विशिष्ट अतिथि अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने महिला विभूतियों को अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ह्दयनारायण दीक्षित ने कहा कि महिलाएं हमेशा से सम्मानित रही हैं। सामाजिक परिवर्तन का कार्य काफी कठिन है, लेकिन इस कार्य को फिक्की फ्लो बखूबी निभा रहा है। इस संगठन में असीम क्षमताएं हैं, जिसका समाज को काफी लाभ मिल रहा है। वहीं, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने फिक्की फ्लो के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में विशेष प्रयास कर रहा है। हम चाहते हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में ऐसे ही आगे बढ़ती रहें। फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर की अध्यक्ष पूजा गर्ग ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया है। कानपुर चैप्टर की अध्यक्ष डॉ. आरती गुप्ता ने कहा कि नीति और समाज सुधार के कारण महिलाएं अधिक से अधिक उच्च पदों पर आसीन हैं। हमारे देश की महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान कर रही हैं। इस दौरान आरुषि टंडन, रेणुका टंडन, माधुरी हलवासिया, स्वाति वर्मा, ज्योत्सना हबीबुल्लाह, सीमू घई, देवांशी सेठ, कनिका वैद्य सहित शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इन्हें मिला सम्मान 

प्रीति श्रीवास्तव, शगुन सिंह, रितु भार्गव, कृति गुप्ता, स्क्वॉड्रन लीडर तूलिका रानी, चंद्र प्रभा शर्मा, राधा शुक्ला, ओम श्री, समीक्षा बजाज, पूजा मेहरोत्रा, सोनिया सिंह, साधाना घोष, दीपांजलि शुक्ला बाजपेई, रेशमा बानो, श्वेता दीक्षित, एसीपी श्वेता श्रीवास्तव और डॉ. मीरा को अवॉर्ड से नवाजा गया।