Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

सराहनीय पहल : नोएडा का सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन किन्नर समुदाय को समर्पित, रेनबो रखा नाम

Published - Tue 27, Oct 2020

समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय को उपेक्षा भरी नजरों से देखा जाता है। उनके लिए समाज में नौकरी और समानता के अवसर भी बेहद कम हैं। ऐसे में नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने उनके लिए सराहनीय पहल की है।

transgender community

नई दिल्ली। समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय को उपेक्षा भरी नजरों से देखा जाता है। उनके लिए समाज में नौकरी और समानता के अवसर भी बेहद कम हैं, इस कारण उन्हें अपनी जीविका चलाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में ट्रांसजेंडर समुदाय को लेकर नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सराहनीय पहल की है। नोएडा मेट्रो के सेक्टर-50 स्टेशन को ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए समर्पित स्टेशन बनाया गया है। इसका नाम रेनबो स्‍टेशन रखा गया है। 

अधिकतर स्टाफ है किन्नर

नोएडा अथाॉरिटी अधिकारियों के अनुसार नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों की समाज में गौरवपूर्ण भागीदारी के लिए यह कदम उठाया है। इस मेट्रो स्टेशन पर टिकट काउंटर, हाउस कीपिंग सर्विस में भी ट्रांसजेंडर्स की ही भर्ती की गई है। टिकट काउंटर और रिसेप्शन का कामकाज संभालने के लिए माही गुप्ता को तैनात किया गया है। 

ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान को बढ़ाना है उद्देश्य

एनएमआरसी की निदेशक रितु माहेश्वरी के अनुसार यह स्टेशन भी पिंक स्टेशन की तर्ज पर तैयार किया गया है। पिंक स्टेशन का उद्घाटन 8 मार्च 2020 को किया गया था। जिसमें एनएमआरसी ने महिलाओं के लिए खास इंतजाम किए थे। इस स्टेशन पर महिलाओं के लिए स्तनपान से लेकर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही यहां पर काफी संख्या में महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं।
इसी तर्ज पर सेक्टर-50 स्टेशन ट्रांसजेंडरों को समर्पित है। यहां अधिकतर स्टाफ किन्नर समुदाय से ही तैनात किया गया है। यह सभी प्रकार के यात्रियों के लिए खुला रहेगा। साथ ही इस मेट्रो स्टेशन पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अलग सुरक्षा जांच भी की जाएगी। इसका उद्देश्य समाज में ट्रांसजेंडरों की भूमिका और उनके सम्मान को बढ़ाना है, जिससे समाज में एक अलग हाशिए पर जिंदगी जी रहे इन किन्नरों को आर्थिक सुरक्षा के साथ सम्मान भी मिल सके। 

स्टेशन पर किन्नरों के लिए ये सुविधाएं 

- एनएमआरसी द्वारा अपने स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर सूचनाओं व घोषणाओं के जरिए ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने की पहल की जाएगी।
- नोएडा मेट्रो अपने स्टाफ को ट्रांसजेंडर समुदाय से सौहार्दपूर्ण और संवेदनशील तरीके से व्यवहार करने के लिए प्रशिक्षित भी कर रहा है। 
- एनएमआरसी टिकट काउंटरों और अन्य क्षेत्रों में ट्रांसजेंडर समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। 
-  ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को मेट्रो स्टाफ की तर्ज पर प्रशिक्षण दिया गया है। 
- ट्रांसजेंडर समुदाय की चुनौतियों को कम करने के लिए विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों से राय ली गई है और आगे भी ली जा रही है।