Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

सतर्क रहें लड़कियां : ‘बॉयज लॉकर रूम’ लड़के करते थे नाबालिग लड़कियों से सामू​​हिक दुष्कर्म करने की प्लानिंग

Published - Tue 05, May 2020

बेहद डरावनी और गर्त में जा रहे समाज की सच्चाई बयान करती है 'बॉयज लॉकर रूम, कहां से आई स्कूली बच्चों में यौन हिंसा की भावना?

boislockerroom

सोशल नेटवर्किंग साइट्स फेसबुक और इंस्टाग्राम में 'बॉयज लॉकर रूम’ नाम के एक ऐसे स्कूल छात्रों के ग्रुप का भंडाफोड़ हुआ है, जिनकी करतूतों के बारे  में जानकर आप न केवल हैरान होंगे, बल्कि इन लड़कों की दुष्कर्म के प्लानिंग वाली चैट को पढ़कर सोच में पड़ जाएंगे कि आखिर देश की भावी पीढ़ी किस मानसिकता से आगे बढ़ रही है और किस दिशा की ओर जा रही है। देश की राजधानी दिल्ली के संभ्रांत इलाके साउथ दिल्ली के कुछ लड़कों ने एक ग्रुप बनाया। ग्रुप का नाम अंग्रेजी में रखा BoisLockerRoom और ये ग्रुप एक हफ्ते में ही फेसबुक पर इतना पॉपुलर हो गया कि इसमें और किशोर भी जुड़ने लगे। इस ग्रुप में ज्यादातर 15 से 18 की उम्र तक के वे किशोर हैं जो दिल्ली के नामी स्कूलों में पड़ते हैं।

ऐसे हुआ खुलासा
दरअसल, इंस्टाग्राम पर एक 'ब्वॉयज लॉकर रूम' नाम से कुछ लोगों ने चैट ग्रुप बना रखा था। दो लड़के इस ग्रुप के एडमिन थे। नाबालिग होने के कारण आरोपियों की पहचान छिपाई जा रही है। इस ग्रुप के जरिए नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें साझा की जा रही थीं और उन्हें ऑब्जेक्टिफाइड किया जा रहा था। 20-25 से ज्यादा लड़के लड़कियों की नग्न तस्वीरों की मांग कर रहे थे और दूसरे उन्हें शेयर कर रहे थे। इसके बाद उस लड़की के साथ कौन-कौन दुष्कर्म करेगा इसकी साजिश की जा रही थी। लड़के अपनी करीबी दोस्त, गर्लफ्रेंड तक की तस्वीरें शेयर करने लगे और उनके शरीर को लेकर भद्दी टिप्पणियां की जाने लगीं। इस सब में उन्हें मजा आ रहा था कुछ ने इसे गलत बताया तो उसे गाली देकर ग्रुप से निकालने की धमकी मिलीं।
जब इस ग्रुप में एक नया लड़का जुड़ा तो उसने अपनी महिला मित्र को यह सब बताया। सोशल मीडिया पर आशना शर्मा नामक यूजर ने इस ग्रुप को उजागर किया। उसने लिखा, मुझे अपनी जिंदगी में इतना ज्यादा गुस्सा कभी नहीं आया। इन लड़कों को अपनी करनी पर कोई पछतावा तक नहीं है। ये लड़के हमारे एकाउंट हैक कर लिख रहे हैं, हमें कोई नहीं रोक पाएगा। इसके बाद लड़कों ने पोल खुलने पर एक और ग्रुप बनाकर लड़कियों की अभद्र तस्वीरों को वायरल और  तक करने की योजना बनाई। इसके बाद एक और लड़की द्वारा सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट शेयर करने के बाद इस चैट ग्रुप के साथ ऐसे ही अन्य ग्रुप के बारे में जानकारी सामने आई और इस मामले पर लोगों की नजर गई। लड़की ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'दक्षिण दिल्ली के 17-18 साल की उम्र के लड़कों का एक ग्रुप है, जिसका नाम 'ब्वॉयज लॉकर रूम' है, जहां कम उम्र की लड़कियों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक बनाया जा रहा था। मेरे स्कूल के दो लड़के इसका हिस्सा हैं।' लड़की ने समूह में शामिल लड़कों की सूची और उनके चैट के स्क्रीनशॉट को भी साझा किया, जहां उन्हें लड़कियों की तस्वीरें साझा करते हुए और उन पर टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है। इस ग्रुप में वे गैंगरेप करने की योजना बनाते भी देखे जा रहे हैं।