Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

अपराजिता के मंच पर डॉक्टरों ने महिलाओं के भ्रम किए दूर, कहा-उम्र के साथ बीमारियों को समझें

Published - Mon 08, Jul 2019

शनिवार को श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की प्रोफेसर डा. अंजलि चौधरी व असिस्टेंट प्रोफेसर डा. श्वेता जैन ने अमर उजाला अपराजिता अभियान के तहत आयोजित संवाद में महिलाओं की शंका का समाधान किया। संवाद में सबसे अधिक माहवारी, गर्भधारण, गर्भपात जैसी समस्याएं महिलाओं ने बताई।

aparajita dehradun

हर उम्र के साथ महिलाओं में बीमारियां भी आती हैं, लेकिन इनसे डरने की नहीं बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है। अपने घर परिवार की जिम्मेदारियां या कामकाज में व्यस्त रहने से महिलाएं अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं, लेकिन समय रहते अपनी जीवनशैली को नहीं बदला तो यह भविष्य में उनके लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
 
शनिवार को श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की प्रोफेसर डा. अंजलि चौधरी व असिस्टेंट प्रोफेसर डा. श्वेता जैन ने अमर उजाला अपराजिता अभियान के तहत आयोजित संवाद में महिलाओं की शंका का समाधान किया। संवाद में सबसे अधिक माहवारी, गर्भधारण, गर्भपात जैसी समस्याएं महिलाओं ने बताई।

अमर उजाला पटेल नगर कार्यालय में अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत महिला स्वास्थ्य को लेकर संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान संवाद में पहुंची महिलाओं ने स्त्री रोग विशेषज्ञ से सीधे अपने सवाल पूछे वहीं अमर उजाला फेसबुक लाइव व फोन के  जरिए महिलाओं व बेटियों ने भी अपने सवालों का जवाब पाया। यहां अधिकतर महिलाओं ने माहवारी समय पर नहीं होने की समस्या बताई।
 
स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डा. अंजलि चौधरी ने कहा कि सबसे पहले किसी भी तरह की परेशानी होने पर घबराएं नहीं। स्वयं को मजबूत बनाएं। अधिकतर देखा जाता है कि महिलाएं सामान्य प्रक्रिया को भी समस्या समझ बैठती हैं। यह जानकारी का अभाव है। इसलिए पहले चिकित्सक से परामर्श लेकर उस समस्या को समझें। असिस्टेंट प्रोफेसर डा. श्वेता जैन ने कहा कि खानपान व जीवनशैली सही रखना महिलाओं के लिए सबसे जरूरी है।
 
किसी भी तरह की परेशानी होने पर उसे छुपाए नहीं, बल्कि उस पर बात करें। इस दौरान उन्होंने गर्भाशय का कैंसर, ओवरी का कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के प्रति महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी। संवाद में मंजू जैन, सावित्री, रजनी, रोशनी रतूड़ी, अनीता गुसांई, विशाखा, सुमन लता, आशा, पूर्णिमा जैन, सताक्षी महता, शिवानी नौटियाल, सपना श्रीवास्तव, अंजू शर्मा आदि ने अपने सवाल पूछे।