Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

आत्मरक्षा सीख बेटियों को बना रहीं सशक्त

Published - Fri 23, Aug 2019

नारी सशक्तीकरण और लड़कियों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ उन्हें सजग करने के उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन, अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स और मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से शहर भर के विभिन्न स्कूलों में आत्मरक्षा कैंप का आयोजन किया गया।

aparajita self defence training

सारनाथ (वाराणसी)। सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग से न सिर्फ हमारा डर खत्म हुआ, बल्कि ये हिम्मत भी आई कि कोई हमारी ओर बुरी नीयत से देखे तो उसको मुंहतोड़ जवाब दे सकते हैं। विद्यालय में 10 दिनों तक आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने वाली लड़कियों का ऐसा कहना है। नारी सशक्तीकरण और लड़कियों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ उन्हें सजग करने के उद्देश्य से ही अमर उजाला फाउंडेशन, अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स और मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से शहर भर के विभिन्न स्कूलों में आत्मरक्षा कैंप का आयोजन किया गया था। रविवार को दामोदरपुर स्थित मां भारती हायर सेकेंडरी स्कूल में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया। इसमें प्रधानाचार्य हीरावती देवी व संचालक सुनील पाल ने 250 छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किया। इस अवसर पर मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ट्रेनर रामप्रकाश मौर्य, प्रीति कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

  • यह ऐसी विधा है, जिससे हम अपनी रक्षा कर सकते हैं और दूसरी लड़कियों को भी प्रशिक्षण देकर उन्हें गलत के खिलाफ आवाज उठाने को प्रेरित कर सकते हैं। - नीतू भारती
  • कराटे ने हमे अंदर से मजबूत किया है। इस विधा को हम अपने आसपास के बच्चियों को भी सिखा रहे हैं, जिससे वह भी मजबूत होंगी। - शिवांजलि गौड़
  • कराटे के दावपेंच हम बखूबी जान चुके हैं और अपनी रक्षा के लिए इसका प्रयोग भी करेंगे। इस तरह की मुहिम से छात्राओं में आत्मविश्वास जागृत होता है। - शिवानी मौर्य
  • कराटे के प्रशिक्षण के बाद हम इतने मजबूत हो गए हैं कि मनचलों पर इसका प्रयोग करने में पीछे नहीं हटेंगे। खुद में जोश और जज्बा पैदा हुआ है। - खुशी सिंह