Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

बिना डरे आगे बढ़ें बेटियां

Published - Sat 16, Mar 2019

अपराजिता अभियान

aparajita event basti

अमर उजाला के अपराजिता:100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत 15 मार्च को प्रदेश के रामपुर और बस्ती जिले में आयोजन हुए। दोनों जगह महिला सशक्तीकरण को लेकर छात्राओं को जागरूक किया गया। महिला शिक्षा, अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सभी ने अपराजिता शपथ पत्र भरे तथा नारी गरिमा का संकल्प लिया।

----

​शिक्षा से महिलाएं होंगी सशक्त : रामपुर। महिलाएं शिक्षा से ही खुद को सशक्त बना पाएंगी। बेटियों को पढ़ने के लिए स्कूल भेजें और कामयाब बनाएं। बेटियां पढ़ेंगी तो महिलाओं के लिए बने कानूनों और अधिकारों को जानकर पीड़ित महिलाओं की आवाज बनेंगी और उन्हें अत्याचार से मुक्त कराएंगी। मॉडल प्राथमिक स्कूल, कमोरा में महिला सशक्तीकरण पर आयोजित संगोष्ठी में एसडीएम मिलक ज्योति गौतम ने यह बात कही। इस दौरान सीओ सलोनी अग्रवाल ने छात्राओं को उनके अधिकारों और कानूनों के बारे में बताया। उन्हें बताया कि किस प्रकार पुलिस आपकी मदद करने को हमेशा तैयार रहती है। उन्होंने छात्राओं को अपराधियों से डरने की बजाय डटकर मुकाबला करने को प्रेरित किया। साथ ही आगे बढ़ने की सीख दी।

------

समाज की सोच पर लगे बंदिशें : बस्ती। लड़कियों पर बंदिशें नहीं, समाज की सोच पर बंदिशें लगानी होगी। नारी अबला नहीं है, अब वह सबला होकर बॉर्डर पर रखवाली तो शोध करने अंतरिक्ष तक पहुंच रही है। महिलाओं के प्रति सोच समाज को बदलना होगा और यह बदलाव ‌दिखने भी लगा है। पुलिस भी संपूर्ण सुरक्षा के लिए तत्पर है। आचार्य रामचंद्र शुक्ल बालिका इंटर कॉलेज अगोना में आयोजित पुलिस की पाठशाला में सीओ ​अनिल सिंह ने यह बात कही। थानाध्यक्ष कलवारी जेपी दुबे ने छात्राओं को बिना डरे आगे बढ़ने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने को प्रेरित किया।