Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

बेटियों में शिक्षा की अलख, महिलाओं में जगाया आत्मविश्वास

Published - Wed 06, Mar 2019

अपराजिता अभियान

aparajita event sultanpur

अपराजिता अभियान के तहत 5 मार्च को यूपी के विभिन्न शहरों में आयोजन हुए। इसमें बेटियों की शिक्षा, भेदभाव खत्म करने का मुद्दा बनाया गया। वहीं, महिलाओं को भी अपने अधिकारों को पहचानने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सभी ने नारी गरिमा की शपथ भी ली।

----
वोट देने में भी जागरूक बनें महिलाएं : देवरिया। महिलाओं को शिक्षित होने के साथ ही अपने विभिन्न अधिकारों को भी जानना चाहिए और उनका उपयोग करना चाहिए। महिलाओं के अधिकारों में पुरुषों के समान ही एक अधिकार है वोट देने का। वे इसका इस्तेमाल जरूर करें और मजबूत लोकतंत्र में अपनी हिस्सेदारी दें। मधुसूदन सेवा संस्थान परिसर बरहज में 'लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की सहभागिता'विषय पर आयोजित परिचर्चा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य कौशल्या देवी ने यह बात कही। उन्होंने वोट देने के साथ ही चुनावों में जनप्रतिनिधि के तौर पर भी आगे आने और समाज में बदलाव लाने को प्रेरित किया।

-----


बे​टियां अब बेटों से कम नहीं : बलरामपुर। आज के जमाने में बेटियां बेटों से किसी भी मायने में कम नहीं है। शिक्षा और जागरूकता के चलते बेटियां आज हर मुकाम हासिल कर रही हैं। स्वर्गीय राम लाल सिंह मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज इटवा रेहरा बाजार में आयोजित परिचर्चा में कॉलेज के प्रबंधक पंकज सिंह ने यह बात कही। उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद द्विवेदी ने सरकार द्वारा महिला सुरक्षा की दिशा में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में 15 बच्चियों ने एडीओ पंचायत से घर में शौचालय ना होने की शिकायत दर्ज कराई। एडीओ पंचायत में सभी बच्चियों का नाम दर्ज करते हुए आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर उनके घरों में शौचालय का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। कुल 132 शपथ पत्र भरे गए।

------

आत्मविश्वास से बढ़ेगी महिलाओं की मुस्कान : सुल्तानपुर। महिलाएं खुद को किसी से कम न समझें। आज के दौर में महिलाएं अपने परिवार की आजीविका चलाने में सक्षम हैं। जरूरत है तो सिर्फ आत्मविश्वास जगाने की। इससे महिलाएं सफलता को मुठ्ठी में कर सकती हैं। यह बातें जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के पूरे लाल शाह गांव  में आयोजित परिचर्चा में सामने आई। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी जयसिंहपुर राम अवतार ने महिलाओं को सशक्त बनाने का आह्वान किया। कहा कि उन्हें अपनी झिझक दूर करके स्वरोजगार अपनाना होगा। सभी लोगों ने नारी गरिमा को बनाए रखने की शपथ भी ली।

-----

अत्याचार के खिलाफ एकजुट हों महिलाएं : डलमऊ (रायबरेली)। महिलाओं पर जुल्म बढ़े हैं। यह चिंता का विषय है। जरूरी है कि महिलाएं एकजुट होकर अत्याचार से मुकाबला करें और परेशान करने वालों को सबक सिखाएं। साथ ही महिलाएं शिक्षित भी हों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो। आज महिलाएं किसी से कमजोर नहीं हैं। बस वह अपनी मंजिल की तरफ बढ़े। निश्चित तौर से तरक्की उनके कदम चूमेगी। डलमऊ कस्बे के शांति मनोहर इंटर कॉलेज में आयोजित परिचर्चा में महिलाओं की गरिमा बरकरार रखने और एकजुटता पर जोर देने पर चर्चा की गई। सभी ने कहा कि हमें अपनी तरक्की के लिए खुद आना होगा। सशक्त बनना होगा।