Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

महिलाओं के सम्मान में उठी हर आवाज

Published - Sat 09, Mar 2019

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अपराजिता कार्यक्रम

aparajita event on mahila diwas at kanpur

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हर आवाज महिलाओं के सम्मान में उठी। अमर उजाला के अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के शहरों में आयोजन हुए। इनमें सभी ने मातृशक्ति को नमन करते हुए उनके हौसले और कामों को सलाम किया। इस दौरान सभी ने नारी गरिमा को बनाए रखने की शपथ भी ली।
-----
 

आवाज का बिखेरा जादू : कानपुर। शहर के एचबीटीयू एंड सीएसए कॉलेज में सुरों की अपराजिता कार्यक्रम के तहत सिंगिंग कॉम्पीटिशन का आयोजन हुआ, जिसमें शहरभर से हर उम्र वर्ग की महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं में उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं ने गायकी का जादू बिखेरा तो हर कोई उनकी आवाज सुनकर खो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

-----

मतदाताओं को जागरूक किया : बस्ती। मतदान करना आपका अधिकार है, इसे नहीं छोड़ें। अपने मतादाधिकार का प्रयोग अवश्य करें। श्रीमती कृष्णकुमारी पांडेय गर्ल्स इंटर कॉलेज बस्ती की छात्राओं ने रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान प्रधानाचार्य कलावती पाठक ने छात्राओं को मतदान की जरूरत और सशक्त सरकार से होने वाले फायदों के बारे में बताया। कार्यक्रम में 183 महिलाएं शपथपत्र भरकर अपराजिता मुहिम की हिस्सा बनीं।

------

वोट करें, सशक्त सरकार बनाएं : संतकबीरनगर। जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। डीएम रवीश गुप्ता ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने बच्चों से कहा कि वे अपने माता-पिता और अन्य बड़े लोगों को भी चुनाव में मतदान के लिए जागरूक करें। इस दौरान डीआईओएस शिवकुमार ओझा, बीएसए सत्येंद्र सिंह, सीओ सदर रमेश कुमार ने भी विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के बारे में बताया और कहा कि इससे अच्छी और सशक्त सरकार का चुनाव किया जा सकता है। सभी ने नारी गरिमा की भी शपथ ली।

-----

 

वोट को समझें अधिकार : महराजगंज। वोट देना आपका अधिकार है। हर मतदाता को मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। रामभोली कन्या इंटर कॉलेज कृष्णा नगर निचलौल में आयोजित मतदाता जागरुकता रैली एवं गोष्ठी में नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अर्चना जायसवाल ने यह बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे शहर के लोगों के साथ ही परिवार के उन सभी सदस्यों को वोट देने के लिए प्रेरित करें, जिनका नाम मतदाता सूची में जुड़ा हो। महिलाओं को इसके लिए ज्यादा जागरूक होने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान 712 शपथ पत्र भरे गए।

------

महिला अधिकारों की जानकारी दी : देवरिया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कानून बने हैं। ये कानून उन्हें अधिकार भी दिलाते हैं। लेकिन महिलाओं को भी चाहिए कि वे इनका दुरुपयोग नहीं करें। बरियारपुर नगर पंचायत में आयोजित विधिक जागरूकता गोष्ठी में यह बात कही गई। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज सूर्यकांतधर दुबे ने कई अधिकारों के बारे में बताया। सीएमओ डॉ. धीरेंद्र चौधरी और डीपीओ प्रभात कुमार ने भी विचार रखे। इस दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरहज से मतदाता जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली को एसडीएम विनीत कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों जगह महिलाओं को नारी गरिमा और सम्मान को अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही 397 शपथ पत्र भरे गए।

-----

मां-बेटी के बीच दोस्ताना रिश्ता जरूरी : झांसी। घर में मां और बेटी के बीच दोस्ताना रिश्ता होना जरूरी है। माताओं को चाहिए कि वे अपनी बेटियों की सहेली बनकर रहें। उनसे हर बात साझा करें और बेटियों से भी कहें कि वे कुछ भी छुपाए नहीं। इस से अगर बेटियों को कोई परेशानी होगी तो उसका समाधान भी हो सकेगा। साथ ही बेटियों में आत्मविश्वास भी पैदा होगा। महिला संवाद कार्यक्रम में वक्ताओं ने यह बात कही। ‘बेटी बनेगी सहेली’ विषय पर आयोजित संवाद में महिलाओं ने मां-बेटी के रिश्ते को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस रिश्ते के साथ दोस्ती का रिश्ता भी जोड़ा जाना जरूरी है। अगर मां-बेटी एकदूसरे से दोस्त की तरह खुलकर बात करेंगी तो कई समस्या खुद ब खुद निपट जाएंगी।

-----
 

रैली से दिया मतदान का संदेश : सिद्धार्थनगर। रघुबर प्रसाद जायसवाल सरस्वती ‌शिशु मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मतदाता जागरुकता रैली निकाली। रैली को प्रधानाचार्य अंजू चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान 338 शपथ पत्र भरकर बेटियों ने लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने की बात कही। वहीं, शोहरतगढ़ में पीपीएस पब्लिक स्कूल, आई‌डियल पब्लिक स्कूल व पूर्व माध्यमिक विद्यालय की 300 से अधिक छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली, जिसे तहसीलदार अरविंद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां पर 113 बेटियों ने शपथ पत्र भरें। वहीं, मयिरयागंज में श्रीगुरुनानक एकेडमी के बच्चों ने जागरूकता रैली निकालते हुए संगोष्ठी का आयोजन किया। यहां पर 173 फार्म भरे गए।

-----

वोट देने से नहीं बचें : गोरखपुर। अपराजिता मुहिम के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी केवी पांडियन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आगामी लोकसभा चुनाव में निश्चित मतदान की अपील के साथ रैली शहर के अलग अलग हिस्से में गई। इसमें स्कूल, कॉलेज के दो हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 555 शपथ पत्र भी भरे गए।

------

स्वास्थ्य के प्रति रहें जागरूक : सिरमौर। जिला मुख्यालय नाहन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त ललित जैन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनोद सांगल ने महिला स्वास्थ्य बारे महिलाओं को जागरुक किया। नगर परिषद की अध्यक्षा रेखा तोमर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बेटियों को सम्मानित किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित लघुनाटिकाएं भी प्रस्तुत की गई।

------

शिक्षा दिलाकर बनाएं मजबूत : ऊधमसिंह नगर। बेटियों को पढ़ाएं, कामयाब बनाएं। इसी से महिलाएं शक्तिशाली होंगी। महिलाओं का सशक्तीकरण होगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित गोष्ठी में महिलाओं ने ही यह बात रखी। सभी ने महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई। साथ ही कुरीतियों को दूर करने का भी संकल्प लिया।

-------

अपराजिता बनें महिलाएं : सोलन। महिलाएं खुद को असहाय नहीं समझें। खुद को आगे बढ़ाएं। बेटियों को पढ़ाएं। घरों पर आवाज उठाएं। कामयाब बनें और समाज में बराबर अधिकारों के लिए संघर्ष करें। यानी महिलाएं अपने आप को साबित करें और अपराजिता बनें। सोलन के डिग्री कॉलेज में आयोजित परिचर्चा कार्यक्रम में प्रिंसिपल नीलम कौशिक व समाजसेवी देवेंद्र गुप्ता ने यह बात कही। कार्यक्रम में 150 महिलाओं ने भाग लिया।

------

अधिकारों के लिए उठाएं आवाज : शिमला। जिले के रामपुर और रिकांगपिओ में अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने बढचढ़ कर भाग लिया। रामपुर क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में एसीजेएम निखिल अग्रवाल ने महिलाओं को अधिकारों के बारे में बताया तथा उन्हें पाने के लिए संघर्ष करने को प्रेरित किया। रिकांगपिओ बचत भवन में आयोजित कार्यक्रम में वन विभाग हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया। इस दौरान रामपुर में 200 और रिकांगपिओ 190 शपथ पत्र भर गए।

------

बेटियों को शिक्षा से जोड़ें : ​शिमला। शहर में महिला सशक्तीकरण को लेकर विभिन्न आयोजन हुए। इनमें महिला शिक्षा के लिए आवाज उठाई गई तथा बेटियों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों में 458 महिलाओं ने शपथ पत्र भरे। शिमला में ये कार्यक्रम एसडी स्कूल, एचपीयू, गैटी थियेटर और रिज मैदान पर आयोजित किए गए। सभी ने नारी गरिमा का संकल्प लिया।