Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

सपने सच करने के लिए कड़ी मेहनत करें

Published - Sat 15, Feb 2020

महिलाओं के साथ होने वाले बहुत से अपराध दबा दिए जाते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि वे खुद के अधिकारों से अवगत नहीं हैं। लड़ाई हिम्मत और हौसले से ही लड़ी जा सकती है। यदि कोई व्यक्ति आपके साथ अश्लील हरकत करता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। डरने की भी जरूरत नहीं है।

गाजीपुर। छात्राएं पढ़ाई पूरे मन से करें। कुछ बनने और करने का सपना देखें तथा उसके लिए कड़ी मेहनत करें। सपनों के बारे में माता-पिता को भी बताएं। अच्छे दोस्त बनाएं। सपनों को साकार करने में आपके अभिभावक सबसे बड़े मददगार होंगे। ऐसा कर निश्चित रूप से आप मुकाम हासिल कर सकती हैं। प्रभारी प्रधानाचार्य सौम्या तिवारी ने शुक्रवार को इन बातों के जरिये छात्र-छात्राओं को सपनों को हकीकत में बदलने के लिए प्रेरित किया। यही नहीं, इस मौके पर इन्हें आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए।
प्रियंका मेमोरियल इंटर नेशनल स्कूल हंसराजपुर में अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत आयोजित नारी सशक्तीकरण और आत्मरक्षा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रभारी प्रधानाचार्य ने कहा कि महिलाओं और पुरुषों में अब भेदभाव नहीं रह गया है। महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। लड़कियां जिस क्षेत्र में जाना चाहती हैं, उसका चुनाव कर सकती हैं। जरूरत है कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों। महिलाओं के साथ होने वाले बहुत से अपराध दबा दिए जाते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि वे खुद के अधिकारों से अवगत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लड़ाई हिम्मत और हौसले से ही लड़ी जा सकती है। कहा कि यदि कोई व्यक्ति आपके साथ अश्लील हरकत करता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। डरने की भी जरूरत नहीं है। आपकी सुरक्षा के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। हमें उनका सहारा लेना चाहिए। 
विशिष्ट अतिथि अंबिका भारद्वाज सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षक (उत्तर प्रदेश) ने कहा कि कराटे का प्रशिक्षण बालिकाओं की रक्षा में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के माध्यम से सेल्फ डिफेंस का क्रेज बढ़ेगा। कहा कि महिलाओं में जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने विद्यालय के 800 से अधिक छात्र/छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के तहत कराटे के दांव-पेच सिखाए। छात्राओं को आत्मरक्षा से जुड़ी जानकारियां दी। स्कूल की अध्यापिका किरण गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को हमेशा सख्त रहना चाहिए। सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए सजग और सतर्क है। बताया कि 1090, 101, 112 और अन्य हेल्प लाइन नंबर हमारी सुरक्षा के लिए जारी किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि शादियाबाद थानाध्यक्ष सुदेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी टिप्स दिए और आत्मबल मजबूत करने को कहा। हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका प्रयोग करने को कहा। विद्यालय के प्रबंधक कृष्ण दत्त द्विवेदी और सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षक सुशील कुमार गुप्ता के साथ ही पुनीता पांडेय, नेहा तिवारी, रानी शर्मा, नाजरा नूर, साक्षी सिंह आदि मौजूद थे।