Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

नोएडा : अब मनचलों को देंगे मुंहतोड़ जवाब

Published - Sun 09, Dec 2018

अमर उजाला के अभियान ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ में छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर

नोएडा। मनचलों को अब मुंहतोड़ जवाब देंगे। किसी की भी बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम कमजोर नहीं रहे हैं। कुछ ऐसा ही कहना था महामाया बालिका  इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं का। अमर उजाला के अभियान ‘अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स’ के तहत 6 दिसंबर को महामाया बालिका इंटर  कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए सेल्फ डिफेंस की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 500 से ज्यादा छात्राओं ने हिस्सा लिया।
कराटे एक्सपर्ट ब्लैक बेल्ट रामस्नेही राणा ने छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के टिप्स दिए। उन्होंने दो छात्राओं को मंच पर बुलाकर सेल्फ डिफेंस सिखाया,  ताकि अन्य छात्राएं आसानी से समझ सकें। इस दौरान छात्राओं ने भी कई सवाल पूछे। कुछ छात्राओं ने अपने अनुभव भी बताए। इस दौरान, कराटे एक्सपर्ट ने छात्राओं को प्रैक्टिस भी कराई। यह कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे चला। इसमें कक्षा 4 से लेकर कक्षा 12 तक की छात्राएं शामिल हुईं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद छात्राओं ने कहा कि इसके जरिये हमें बहुत कुछ सीखने को मिला है। अगर अब कोई मनचला हमारे साथ बदतमीजी करेगा तो बच नहीं पाएगा। प्रधानाचार्य प्रतिभा चौधरी ने कहा कि अमर उजाला का यह प्रयास बेहद सराहनीय है। इससे लड़कियों में आत्मविश्वास का संचार होगा और वे समाज की किसी भी चुनौती का सामना कर पाएंगी। (4-12-18)