Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

कोरोना योद्धा : दो माह पहले हुई शादी, आइसोलेशन वार्ड में लगी ड्यूटी

Published - Fri 10, Apr 2020

शादी के 15 दिन बाद ही सोनम करने लगीं आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी, पति से वीडयों कॉलिंग के जरिये होती है बात

sonam gupta

कोरोना की लड़ाई में सबसे बड़े सिपाही हैं हमारे डॉक्टर और नर्स। दुनिया भर के डॉक्टर इसे हराने के लिए जी-जान से कोशिश कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई ऐसी फोटोज भी वायरल हुई जिन्हें आपने भी देखा होगा। एक तस्वीर खूब वायरल हुई जिसमें लगातार मास्क लगाने के चलते नर्स के चेहरे पर मास्क के निशान पड़ गए। ऐसी ही एक तस्वीर और थी जिसमें लगातार काम करने के चलते थके डॉक्टर अस्पताल में ही सोते नजर आए। 
कोरोना के इस युद्ध में एक सैनिक की तरह लड़ रहीं नर्स सोनम गुप्ता की कहानी कुछ अलग है। उनकी 16 जनवरी को ही शादी हुई है। ससुराल सौ किलोमीटर दूर कानपुर में है। शादी के बाद ससुराल में 15 दिन ही बीते थे कि सोनम ने दो फरवरी को ड्यूटी ज्वॉइन कर ली। कोरोना संकट आते ही फरवरी के अंत में उनकी ड्यूटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फफूंद से औरैया के दिबियापुर सीएचसी में लगाने का फरमान आया। उन्होंने अपने सास-ससुर और पिता हिमांशु को इस बारे में बताया। उन्हें समझाया कि 14 दिन की ड्यूटी के बाद 14 दिन का क्वारंटीन पीरियड है। लगभग एक माह की दूरी। साथ ही खतरा भी। सोनम के जज्बातों में कोरोना के इस युद्ध में सिपाही की जिम्मेदारी भी झलक रही थी। ससुराल वालों ने उन्हें रजामंदी दे दी। 
दो अप्रैल से वह आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी कर रही हैं। यहां कस्बे में मिले चार कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज भी हुआ है। सोनम कहती हैं कि हमने उनके इलाज में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब सभी मरीजों को कानपुर भेज दिया गया है। खास बात यह है कि सोनम का मायका अस्पताल से 500 मीटर की दूरी पर ही है। वह वहां भी नहीं जा सकती हैं। न ही कोई उनसे मिलने जा सकता है। वह अपने पति से वीडियो कॉलिंग से बात कर मन को तसल्ली दे देती हैं।