Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

भारतीय अर्थशास्त्री लिगिया नोरोन्हा को संयुक्त राष्ट्र में मिली अहम जिम्मेदारी

Published - Fri 26, Feb 2021

दुनियाभर में भारतवंशी अपना परचम लहरा रहे हैं। इसी में एक नाम और जुड़ गया है। वह नाम है लिगिया नोरोन्हा का। जिन्हें संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम का सहायक महासचिव एवं प्रमुख नियुक्त किया गया है।

Ligia Noronha

संयुक्त राष्ट्र। विश्व निकाय के प्रमुख एंतोनियो गुटेरस ने भारतीय अर्थशास्त्री लिगिया नोरोन्हा को संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के न्यूयॉर्क कार्यालय में सहायक महासचिव एवं प्रमुख नियुक्त किया है। नोरोन्हा अपने भारतीय सहयोगी एवं अर्थशास्त्री सत्या त्रिपाठी की जगह लेंगी। नोरोन्हा ने 2014 से नैरोबी में यूनएनईपी के आर्थिक विभाग में बतौर निदेशक काम किया है।
गुटेरस की मानें तो नोरोन्हा एक अर्थशास्त्री हैं और उन्हें संधारणीय विकास के क्षेत्र में 30 साल का अंतरराष्ट्रीय अनुभव है। यूएनईपी के साथ जुड़ने से पहले नोरोन्हा नई दिल्ली में द एनर्जी एंड रिसोर्स इंस्टीट्यूट (टेरी) में कार्यकारी निदेशक (अनुसंधान समन्वय) और संसाधन, नियमन तथा वैश्विक सुरक्षा अनुभाग की निदेशक भी रह चुकी हैं। गुटेरस ने पिछले दिनों निवेश मामलों की विशेषज्ञ उषा राव मोनारी को यूएनडीपी का अवर महासचिव और सहायक प्रशासक नियुक्त किया था। विश्व स्तर पर इस समय कई भारतवंशी देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

नोरोन्हा की शिक्षा
लिगिया नोरोन्हा ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से डॉक्टरेट किया हुआ है। इसके साथ-साथ उन्होंने समुद्री उपयोग कानून, अर्थशास्त्र और नीति में मास्टर की डिग्री हासिल की हुई है। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री भी की हुई है। लिगिया की मानें तो वह अपना काम पूरी निष्ठा व मेहनत से करेंगी। इस बड़े दायित्व के मिलने से वह बेहद खुश हैं।