Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

10 हजार रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं मिताली राज 

Published - Sat 13, Mar 2021

अनुभवी बल्लेबाज 38 वर्षीय मिताली राज ने शुक्रवार को एक नया इतिहास रच दिया। मिताली ने​ क्रिकेट के सभी प्रारूपों में अपने 10,000 रन पूरा कर लिए हैं। वह ऐसा करने वालीं पहली भारतीय और कुल दूसरी महिला क्रिकेटर बन गईं।

Mithali Raj

अनुभवी बल्लेबाज 38 वर्षीय मिताली राज ने शुक्रवार को एक नया कीर्तिमान रच दिया। मिताली ने सभी प्रारूपों में अपने 10,000 रन पूरा कर लिए। वह ऐसा करने वालीं पहली भारतीय और कुल दूसरी महिला क्रिकेटर बन गईं। उनसे पहले यह उपलब्धि केवल इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स ने हासिल की है। मिताली राज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान 36 रन की पारी के दौरान 28वें ओवर में एने बोश की गेंद पर चौका लगाकर इस उपलब्धि को हासिल किया। हालांकि इसके बाद अगली गेंद पर पर वह आउट हो गईं। उनके तीनों प्रारूपों में 10,001 रन हो गए हैं। मिताली राज ने वनडे में सबसे ज्यादा रन 6974 रन बनाए हैं। वह वनडे क्रिकेट में 7000 रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनने से सिर्फ 36 रन ही दूर हैं। वहीं 89 टी20 मैचों में उनके 2364 रन हैं। मिताली ने 10 टेस्ट मैचों में 663 रन बनाए हैं। 

दिग्गजों ने किया सलाम 
मिताली की इस उपलब्धि को दिग्गजों ने भी सराहा और बधाई दी। क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने कहा, मिताली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दस हजार रन पूरे करने पर बधाई। शानदार उपलब्धि। मजबूती से आगे बढ़ते रहिए। 
पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने भी बधाई दी। उन्होंने ट्विट किया, दस हजार रन पूरे करने वालीं पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनने पर मिताली को बधाई। आप न केवल खेल की महान एंबेसडर और दिग्गज हैं बल्कि आपने एक पीढ़ी को खेल में आने के लिए प्रेरित किया है। आप पर नाज है।
वहीं बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ट्विट किया, मिताली की उपलब्धि को नमन। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दस हजार रन पूरा करने वालीं पहली भारतीय महिला क्रिकेटर होना क्या शानदार उपलब्धि है। दिग्गज।

311वें मैच में रचा इतिहास 
मिताली राज यह उपलब्धि अपने 311वें मैच में हासिल की है। साल 1999 में वनडे से अपना क्रिकेट करियर शुरू करने वाली मिताली ने रिकॉर्ड 75 अर्धशतक और आठ शतक जमाए हैं। इनमें से 54 अर्धशतक और सात शतक उन्होंने वन-डे में जड़े हैं। टेस्ट मैचों में एकमात्र शतक (214 रन) इंग्लैंड के खिलाफ 2002 में टॉटन में बनाया था।

इंग्लैंड की चार्लोट के नाम हैं सर्वाधिक रन 
महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स के नाम हैं, जिन्होंने 10,273 रन बनाए। 2016 में अपने 20 साल लंबे करियर पर पूर्ण विराम लगाने वाली इस पूर्व महिला क्रिकेटर ने 191 वन-डे में 5,992, 23 टेस्ट में 1,676 रन और 95 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,605 रन बनाए हैं।

मिताली के किस प्रारूप में कितने रन 
प्रारूप                मैच             रन             श्रेष्ठ             औसत
टेस्ट                    10              663           214             51.00
वनडे                   212           6974         125*            50.53
टी20                   89             2364           97*            37.52

महिला क्रिकेट की पांच श्रेष्ठ स्कोरर
नाम                         देश                रन              पारी 
चार्लोट एडवर्ड्स         इंग्लैंड          10,273          316
मिताली राज              भारत           10,001          291
सूजी बेट्स                न्यूजीलैंड       7894            238
स्टेफनी टेलर             वेस्टइंडीज     7816            229
मेग लेनिंग                ऑस्ट्रेलिया      6900           191