Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

दुनिया की बेस्ट फिनिशर बनना चाहती हैं नवजोत, पेंटिंग और संगीत का है शौक

Published - Wed 30, Jun 2021

भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी नवजोत किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। वह टीम की बेस्ट खिलाड़ी हैं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए ही हाल ही में उन्हें अर्जुन पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। उन्हें संगीत सुनना और पेटिंग करना बेहद पसंद है।

navjot kaur

नई दिल्ली। नवजोत कौर भारतीय महिला हॉकी टीम की बेस्ट खिलाड़ी हैं। वह हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रहने वाली हैं।  भारत की ओर से अभी तक उन्होंने कुल 172 मैच खेले हैं। हाल ही में टोक्यो ओलंपिक के लिए घोषित की गई भारतीय महिला हॉकी टीम में नवजोत कौर भी शामिल हैं। उनके बेस्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। हॉकी टीम की मिडफील्डर नवजोत कौर बेहतर सामंजस्य, लंबे समय तक गेंद होल्ड करने में माहिर हैं। 

पिता को देती हैं सफलता का श्रेय

नवजोत अपनी सफलत का श्रेय अपने पिता को देती हैं। नवजोत के अनुसार, अगर मुझे अपने माता-पिता विशेषकर पिताजी का सहयोग नहीं मिलता तो आज मैं जहां हूं, वहां नहीं पहुंच पाती। मेरे पिताजी ने मुझे स्कूल में हॉकी खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। उनका शुरू से सपना था कि उनका एक बच्चा खिलाड़ी बने और मुझे वास्तव में बहुत खुशी है कि मैं उनका सपना पूरा करने में सफल रही।

2012 में शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय करियर

साल 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई श्रृंखला में नवजोत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। इससे पहले, उन्होंने जूनियर टूर्नामेंटों (जूनियर एशिया कप) और नीदरलैंड्स के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अंडर-21 टूर्नामेंट में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया था। इस टूर्नामेंट में भारत को तीसरा स्थान हासिल हुआ था।

कई प्रतियोगिताओं में किया अच्छा प्रदर्शन

सात मार्च 1995 को कुरुक्षेत्र में जन्मी नवजोत ने कई प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाई। वह 2015 में हुए महिला हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल में भी टीम का हिस्सा रहीं। इसके अलावा उन्होंने 17वें एशियाई खेलों, 2016 रियो ओलंपिक, चौथे महिला एशियन चैपियंस ट्रॉफी में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। महिला विश्व हॉकी लीग राउंड-2 में भी नवजोत भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकीं हैं।

हर चुनौती का लुत्फ उठाया

26 वर्षीय नवजोत की मानें तो ओलंपिक के साथ काफी दबाव जुड़ा रहता है, लेकिन मैंने अब तक हर चुनौती का पूरा लुत्फ उठाया है। मैं अपनी तकनीक पर काम जारी रखना चाहती हूं और उम्मीद है कि एक दिन मैं दुनिया की सर्वश्रेष्ठ फिनिशर बनूंगी। उन्हें पूरा विश्वास है कि टीम ओलंपिक का पदक जरूर जीतेगी। 

संगीत और पेंटिंग का है शौक

नवजोत को संगीत सुनना और पेंटिंग करना बेहद पसंद है। जब वह कैनवास पर उकेरी तस्वीर में रंग भरती हैं तो लगता है तस्वीर अभी बोल पड़ेगी, ऐसा ही हुनर उनके हॉकी खेलने के अंदाज में  है। मैदान में जब वह हॉकी लेकर उतरती हैं तो उनकी चाल से पता चल जाता है कि वह आज कोई नया रिकॉर्ड बनाने वाली हैं।