Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

मेरठ की बेटी ने चीन में जीता मेडल

Published - Sat 11, May 2019

बीजिंग में आयोजित हुई 7वीं ओपन चाइना पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप, मेरठ के किठौर निवासी फातिमा ने डिस्कस थ्रो में जीता कांस्य पदक

para athlete fatima khatun with bronze

मेरठ। पांच साल पहले दुर्घटना में बुरी तरह घायल हुई। पूरे शरीर में 194 टांके आए। दोनों हाथों और पैरों में रॉड डाली गई। लोगों ने ऐसा भी नहीं सोचा था कि फातिमा खातून फिर से जी उठेगी। लेकिन अपने हौसले और आत्मविश्वास से न सिर्फ खुद को मुश्किलों से निकाला, बल्कि आज अपनी मेहनत के बलबूते अन्य दिव्यांग लोगों के लिए भी प्रेरणा से कम नहीं।

मूलरूप से किठौर के राधना गांव निवासी फातिमा बिजली विभाग में कार्यरत हैं। पांच साल पहले मौत को मात देकर फातिमा ने खुद के आत्मविश्वास को टूटने नहीं दिया। दुर्घटना के बाद व्हीलचेयर पर आई तो मैदान पर डिस्कस थ्रो का अभ्यास शुरू किया। इसके बाद जिला स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने का सिलसिला शुरू हुआ। चीन के बीजिंग में 6 मई से शुरू हुई 7वीं ओपन पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स चैंपियनशिप में फातिमा खातून ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। फातिमा की इस सफलता पर मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में खिलाड़ियों ने खुशी व्यक्त की। इस जीत के साथ फातिमा का वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयन पक्का माना जा रहा है। हालांकि जुलाई 2019 में वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए ट्रायल होगा।