Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

प्रमिला ने तानों को ढाल बनाकर शुरू किया गुलाबी ऑटो का सफर 

Published - Sat 26, Dec 2020

अपने परिवार को पालने की जिम्मेदारी खुद के कंधों पर लेते हुए प्रमिला ने गुलाबी ऑटो चलाना शुरू किया। रिश्तेदारों से लेकर पड़ोसियों तक सब ने ताने दिए, लेकिन आज प्रमिला से प्रेरणा लेकर दूसरी महिलाएं भी ऑटो चला रही हैं। प्रमिला उन्हें प्रशिक्षण देती हैं। प्रमिला के ऑटो में प्रियंका गांधी वाड्रा भी सफर कर चुकी हैं। 

Pramila with priyanka gandhi

एक तरफ रिश्तेदारों और पड़ोसियों के ताने तो दूसरी ओर बच्चों की भूख इन दोनों में प्रमिला ने अपने बच्चों की भूख और भविष्य को चुना। छह साल पहले जब रोजी कमाने के लिए ऑटो चलाने के काम को चुना तो सभी ने खूब ताने दिए, लेकिन पेट की भूख मर्द-औरत और छेटो-बड़े के भेद को नहीं देखती। यह कहना है रोहतक की पहली गुलाबी ऑटो चालन प्रमिला सैनी का। 
विपरीत परिस्थितियों में हार न मानते हुए प्रमिला ने अपना सफर जारी रखा और आज वह दूसरी महिलाओं को भी ऑटो चलाने का प्रशिक्षण दे रही हैं। ताने देने वाले अब प्रमिला के हौसलों की दाद देते नहीं थकते। वह अब दूसरी बहन बेटियों के लिए मिसाल कायम कर रही हैं। यहां तक की उनके ऑटो में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी सफर कर चुकी हैं। 

आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर बनीं ऑटो चालक 

शहर के बाबरा मुहल्ला की रहने वाली प्रमिला ने 6 साल पहले गुलाबी ऑटो के साथ जिंदगी के सफर को शुरू किया था। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसलिए उन्होंने ऑटो चलाने की ठानी। प्रमिला को ऑटो चलाता देख कुछ और महिलाओं में हिम्मत जागी और उनका हौसला बढ़ा। उनके परिवार में उसके पति कुलदीप, बेटा पंकज, दो बेटी और पुत्रवधू है। 

रोहतक की पहली महिला ऑटो चालक हैं प्रमिला 

शहर में जब महिलाओं के लिए गुलाबी ऑटो शुरू किए गए, तब प्रमिला पहली गुलाबी ऑटो चालक बनीं। इसके बाद कारवां जुड़ता गया और अब 150 महिलाएं ऑटो चलाकर अपने परिवार का पेट पाल रही हैं। दो साल पहले प्रमिला ने बीमारी के चलते ऑटो चलाना तो बंद किया दिया था, लेकिन दूसरों को सिखाने का काम उन्होंने जारी रखा। 

प्रशासन ने भी किया प्रोत्साहित 

प्रमिला ने जब गुलाबी ऑटो चलाना शुरू किया तो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा सामाजिक संगठनों ने भी उन्हें प्रोत्साहित किया। अब प्रमिला अपनी टीम के साथ रोहतक के अलावा, हिसार, झज्जर, पानीपत और जींद में भी महिलाओं को ऑटो चलाने का प्रशिक्षण दे रही हैं। उस वक्त पुलिस अधीक्षक शशांक आनंद ने भी प्रमिला की पहल को सराहा। 

प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी बढ़ाया था प्रमिला का उत्साह 

2019 में लोकसभी चुनाव में प्रचार के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रोहतक पहुंचीं। उस समय प्रियंका गांधी जींद रोड़ स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के मैदान में हेलिकाप्टर से उतरकर सीधे प्रमिला के गुलाबी ऑटो में बैठी थीं। वहां से लेकर शहर के प्रवेश स्थल तक प्रियंका गांधी ने प्रमिल के ऑटो में सवारी की थी।