Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

टिहरी की बेटी मेजर सुमन को मिलेगा संयुक्त राष्ट्र सैन्य जेंडर एडवोकेट अवॉर्ड 

Published - Tue 26, May 2020

भिलंगना के पोखार की रहने वाली हैं मेजर सुमन गवानी, 29 मई को संयुक्त राष्ट्र महासचिव देंगे सुमन को अवॉर्ड 

suman gawani

नई टिहरी। भारतीय सेना में मेजर सुमन गवानी को संयुक्त राष्ट्र सैन्य जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर 2019 के अवॉर्ड के लिए चुने जाने पर परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने खुशी व्यक्त की है। सुमन पहली भारतीय महिला है, जिन्हें यह अवॉर्ड दिया जाएगा। 29 मई को संयुक्त राष्ट्र महासचिव सुमन को यह अवॉर्ड देंगे।
भिलंगना ब्लाक के पोखार निवासी सुमन गवानी के पिता प्रेम सिंह गवानी अग्निशमन विभाग से सेवानिवृत्ति हैं, जबकि माता कविता गृहणी है। सुमन 2018 में एक साल के लिए संयुक्त राष्ट्र मिशन के लिए दक्षिण सूडान में तैनात थीं। वर्ष 2019 में सुमन ने मिशन पूरा कर भारत लौटीं थीं। वर्तमान में वह आर्मी हेडक्वाटर दिल्ली में तैनात हैं। सुमन के साथ ब्राजील सेना की एक कमांडर कर्ला मोंटेइरो डे कास्त्रो अराउजो को भी जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर से सम्मानित किया जाएगा। 
अवॉर्ड के लिए दोनों का चुनाव करते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेश ने इन्हें प्रभावशाली आदर्श बताया। संयुक्त राष्ट्र में भारतीय संसदीय मिशन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मेजर सुमन गावनी 29 मई को ऑनलाइन समारोह में यूएन सैन्य एडवोकेट ऑफ द ईयर से सम्मानित होंगी। 
सुमन के अवॉर्ड के लिए चुने जाने पर घनसाली के विधायक शक्ति लाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, भिलंगना की ब्लाक प्रमुख बसुमति घणाता, जाखणीधार प्रमुख सुनीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक राणा, पूर्व प्रधान भगवान सिंह राणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष डा. नरेंद्र डंगवाल, उपाध्यक्ष पवन राणा, ओमप्रकाश भुजवाण, प्रताप राणा आदि ने खुशी व्यक्त करते हुए देश और प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।