Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

यूनान में अब सुधरेगी महिलाओं की स्थिति

Published - Wed 25, Mar 2020

मुझे उम्मीद है कि देश की सभी महिलाओं की पारिवारिक व सामाजिक स्थिति में सुधार होगा। यूनान की महिलाओं के लिए यह महसूस करने का समय है कि अपनी योग्यता के आधार पर, वे बाधाओं का सामना करने के बावजूद अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। यह कहना है यूनान की पहली महिला राष्ट्रपति कैटरीना साकेलोप्रोउलो का।

यूनान की पहली महिला राष्ट्रपति कैटरीना साकेलोप्रोउलो

नई दिल्ली। यूनान की पहली महिला राष्ट्रपति कैटरीना साकेलोप्रोउलो के अनुसार मैंने ऐसे वक्त में यूनान के राष्ट्रपति के रूप में कमान संभाली है, जब कि पूरा ​विश्व एक गंभीर महामारी की चपेट में है, जिससे यूनान भी प्रभावित है। साथ ही पड़ोसी देश हमारी राष्ट्रीय संप्रभुता को नुकसान पहुंचाना चाहता है। असुरक्षित और हताश महसूस कर रहे अपने देश के लोगों के प्रति मैं अपने मानवीय कर्तव्य के रूप में उनकी रक्षा और आपूर्ति को सुनिश्चित करूंगी। साथ ही देश की सीमाओं की अखंडता को सुरक्षित करना मेरी जिम्मेदारी है। हालांकि यह कठिन है, पर असंभव नहीं है। मेरा जन्म (30 मई 1956) यूनान के दूसरे सबसे बड़े शहर थेसालोनिकी में एक उच्च शिक्षित परिवार में हुआ। मैं एक तलाकशुदा मां हूं और मेरी पिछली शादी से एक बच्चा है। मैं वर्तमान में अपने साथी पावलोस कोट्सनिस के साथ रहती हूं, वह भी अधिवक्ता हैं।

कानून की ​पढ़ाई

चूंकि मेरे पिता स्वयं एक अधिवक्ता थे, इसलिए बचपन से ही मैं कानून के प्रति आकर्षित थी। बड़ी होने पर स्कूली शिक्षा के बाद मैंने यूनिवर्सिटी ऑफ एथेंस से कानून का गहन अध्ययन किया। इसके बाद पेरिस द्वितीय विश्वविद्यालय से पब्लिक लॉ में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई पूरी करने के बाद मैंने कानून के क्षेत्र में ही अपना करियर बनाने के बारे में विचार किया। 1980 के दशक के मध्य में मैंने काउंसिल ऑफ स्टेट के सदस्य के रूप में काम शुरू किया और बाद में वर्ष 2000 में मुझे पदोन्नति देकर काउंसलर बनाया गया। 

कोर्ट की पहली महिला अध्यक्ष

अपने करियर में मैंने अदालत में काम करने के साथ ही कई शैक्षिक संस्थानों में अतिरिक्त समय में अध्यापन किया। मैं काउंसिल ऑफ स्टेट की एसोसिएशन ऑफ जुडिशियरी फंक्शनरीज की सदस्य रह चुकी हूं। वहां मैंने उसके महासचिव, उपाध्यक्ष और अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वर्ष 2015 में, मुझे काउंसिल ऑफ स्टेट का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद अक्तूबर 2018 में, सेरीजा सरकार के बाद सर्वसम्मति से निर्वाचित होने के बाद उच्च अदालत की पहली महिला अध्यक्ष बनी। मैं पर्यावरण और मानवाधिकार जैसे मुद्दों पर प्रगतिशील विचारधारा का समर्थन करती हूं। साथ ही हेलेनिक सोसाइटी फॉर एनवायर्नमेंट लॉ के अध्यक्ष के रूप में पर्यावरण से जुड़े बड़े मामलों पर सक्रिय रूप से काम किया है, जिसमें थेसालोनिकी में ऐचलूस नदी का डायवर्जन और एथेंस में एलेक्जेंड्रा एवेन्यू में ऐतिहासिक शरणार्थी इमारतों का संरक्षण शामिल है। 

सपनों को सफल कर सकती हैं महिलाएं

यूनान की राष्ट्रीय राजनीति में वरिष्ठ पदों पर महिलाओं की संख्या बेहद कम है। इसके चलते जुलाई 2019 में आम चुनाव जीतने के बाद मंत्रिमंडल में केवल पुरुषों का चयन करने के लिए प्रधानमंत्री की आलोचना भी हुई। लेकिन 15 जनवरी 2020 को, प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोतकिस ने मुझे राष्ट्रपति के पद के लिए नामित किया। इसके लिए मतदान हुआ और पक्ष-विपक्ष के करीब तीन सौ में 261 सांसदों ने मेरे नाम पर सह​मति जताते हुए मतदान किया। मुझे उम्मीद है कि देश के सर्वोच्च पद के लिए पहली बार एक महिला के चुनाव से देश की सभी महिलाओं की पारिवारिक व सामाजिक स्थिति में सुधार होगा। यूनान की महिलाओं के लिए यह महसूस करने का समय है कि अपनी योग्यता के आधार पर, वे बाधाओं का सामना करने के बावजूद अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।