Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स: आगे बढ़ो और छू लो आसमान, बेटियों से ही रोशन है जहान

Published - Thu 11, Jul 2019

बागपत के शांति देवी कन्या इंटर कॉलेज फजलपुर में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला थाना प्रभारी नेहा चौहान ने कहा कि अंजान लोगों से बातचीत करने से बचना चाहिए। सोशल मीडिया पर भी अंजान लोगों से बातचीत न करें और अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

aparajita abhiyan

बागपत जिला प्रशासन एवं पुलिस के बालिका सुरक्षा जागरुकता और अमर उजाला फाउंडेशन की अनूठी पहल अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत छात्राओं को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों से दुनिया रोशन है। गलत चीजों को सहन करने के बजाए विरोध करें। अभिभावक और शिक्षकों की मदद लें। पुलिस और सामाजिक संगठन बेटियों की मदद के लिए आगे आए हैं। शांति देवी कन्या इंटर कॉलेज फजलपुर में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला थाना प्रभारी नेहा चौहान ने कहा कि अंजान लोगों से बातचीत करने से बचना चाहिए। सोशल मीडिया पर भी अंजान लोगों से बातचीत न करें और अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें। कोशिश करें कि लड़कियां सोशल मीडिया पर अपना फोटो शेयर न करें। अकेले का फोटो कभी भी शेयर नहीं करना चाहिए। अगर सोशल मीडिया पर फोटो यूज भी करना है तो कोई ग्रुप वाला या परिवार के साथ वाला फोटो शेयर करें। अनहोनी घटना या छेड़छाड़ पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। छात्राओं की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर हैं। छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉयड का गठन किया गया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी दीपांजलि ने छात्राओं को कानून की जानकारी दी। उनके अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों के विषय में बताया।

नवोदय लोक चेतना समिति के सदस्य देवेंद्र धामा ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए सभी को आगे आना होगा। अवैध तरीके से चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर भी पुलिस-प्रशासन को कार्रवाई करनी होगी। बेटियां भी जागरूक बनें और समाज को जागरूक करने का काम करें। सीडब्ल्यूसी के प्राधिकारी डॉक्टर कुलदीप त्यागी ने कहा कि अपनी बात को निडर होकर कहना सीखें। जानकारी रखें और जागरूक रहे।

क्षेत्रीय सुगमकर्ता खुशनसीब ने हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी छात्राओं को दी। उसके कार्य करने के विषय में बताया। महिला कांस्टेबल निशा ने भी छात्राओं को आत्मरक्षा के विषय में जागरूक किया। प्रधानाचार्या सपना शर्मा ने कहा कि अभिभावकों से छात्राओं को हर बात शेयर करनी चाहिए। किसी भी परेशानी की स्थिति को छिपाने के बजाए उसे खुलकर बताना चाहिए। ज्योत्सना वर्मा, मुनेश पंवार, आशी, बबीता, अनुराधा, संगीता, मोनिका, सरवेंद्र भारद्वाज, अनिल कुमार, गिरवर सिंह मौजूद रहे। संचालन वंदना ने किया।