Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

 बच्चों ने पढ़े यातायात नियमों के पाठ, शिक्षक की भूमिका में रहे सीओ

Published - Mon 30, Nov 2020

जौनपुर के जनक कुमारी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सीओ सिटी रणविजय सिंह से यातायात नियमों और महिला सुरक्षा का पाठ पढ़ा। अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत ट्रैफिक रूल अवेयरनेस वर्कशाप में सीओ ने छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

jaunpur traffic rule awareness workshop

जौनपुर। जनक कुमारी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार का दिन खास था। कॉलेज में उन्होंने यातायात नियमों और महिला सुरक्षा का पाठ पढ़ा। शिक्षक की भूमिका में थे सीओ सिटी रणविजय सिंह। अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत ट्रैफिक रूल अवेयरनेस वर्कशाप में सीओ ने छात्र-छात्राओं को नियमों के बारे में बताया। उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
  मुख्य अतिथि सीओ सिटी ने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। यातायात नियमों का पालन कर सड़क हादसों को रोका जा सकता है। सीओ सिटी ने कहा कि स्कूलों में सुरक्षित यातायात के लिए कोई पाठ्यक्रम नहीं चलाया जाता। ऐसे में अमर उजाला की ओर चलाई जा रही यह मुहिम सराहनीय है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, नियंत्रित रफ्तार, सड़कों पर जेब्रा लाइनों के मायने बताए।  मिशन शक्ति की चर्चा करते हुए सीओ सिटी ने कहा कि छात्राएं अपने साथ किसी तरह का बुरा बर्ताव होने पर छिपाने का प्रयास न करें, बल्कि उसका डटकर मुकाबला करने को तैयार हों। उनकी सहायता के लिए पुलिस तत्पर है। उन्होंने 1090 और 112 के बारे में भी जानकारी दी। यातायात प्रभारी वीरेंद्र बरवार और टीएसआई शिवबदन यादव ने भी छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। कहा कि जब तक सभी यातायात नियमों का पालन नहीं करेंगे, तब तक हादसों पर अंकुश नहीं लग सकता है।  हम सभी की जिम्मेदारी है कि न सिर्फ खुद यातायात नियमों का पालन करें बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।  कॉलेज के प्रधानाचार्य जंगबहादुर सिंह ने आभार व्यक्त किया। संचालन विपनेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में कुल 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की।

सुरक्षित यातायात के लिए छात्रों के दिए टिप्स

  • बाइक चलाने के दौरान हेलमेट का प्रयोग जरूर करें।
  • बाइक चलाते वक्त ईयर फोन व मोबाइल का इस्तेमाल न करें।
  • बाइक पर तीन सवारी न चलें ।
  • वाहन चलाने के दौरान गति पर नियंत्रण जरूर रखें।
  • बाइक चलाने के दौरान किसी प्रकार का स्टंट न करें।
  • अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे वाहन की चाभी देने के साथ ही यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।

छात्रों के सवाल, सीओ के जवाब
कार्यक्रम में सीओ सिटी रणविजय सिंह को सुनने के बाद छात्रों ने सड़क सुरक्षा और मिशन  शक्ति के संबंध में  उनसे सवाल भी किए, जिसका उन्होंने ने बड़ी शालीनता से जवाब भी दिया।

सवाल : शहर में अक्सर दुकानों के सामने वाहन खड़े होने के चलते जाम लग जाता है। इससे कभी स्कूल आने में देर हो जाती है तो कभी घर पहुंचने में। इस समस्या का हल क्यों नहीं हो पा रहा। -शिवांश अग्रहरि, कक्षा-11
जवाब: शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं हैं। पार्किंग के इंतजाम के लिए अधिकारियों से बात की जा रही है। जाम की समस्या से निबटने के लिए जल्द ही ठोस कार्य योजना बनाई जाएगी।

सवाल: ओलंदगंज में दुकानदार सामान सड़क तक फैला देते हैं, जिससे जाम लगता है। इस समस्या का समाधान कैसे करेंगे। -ध्रुव जायसवाल, कक्षा-12
जवाब: सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। जाम से निबटने के लिए लोगों को भी चाहिए कि जल्दबाजी में नियम न तोड़ें।

सवाल: बाइक चलाने वालों के लिए हेलमेट लगाना अनिवार्य है, फिर भी सड़क पर कैसे लोग बिना हेलमेट के चल रहे हैं। -साक्षी सिंह, कक्षा-12
जवाब: हेलमेट न लगाने वालों के खिलाफ समय समय पर अभियान चलाकर चालान किया जाता है। अब हेलमेट न लगाने पर एक हजार रुपये का जुर्माना होता है।

सवाल: महिला अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस पर प्रभावी नियंत्रण के क्या उपाय किए जा रहे हैं। -महक सईद, कक्षा-12
जवाब: महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस पूरी तरह सजग है। कोई भी अपराध होने पर 1090  या 112 पर सूचना दें। पुलिस त्वरित रूप से कार्रवाई करेगी।