Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

16 किमी मानव शृंखला बनाई

Published - Thu 09, May 2019

चहनिया/सकलडीहा (चंदौली)। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 19 मई को मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए 10 हजार से अधिक महिलाएं, छात्र-छात्राएं छह मई को सड़क पर उतरीं।

aparajita abiyaan

चहनिया/सकलडीहा (चंदौली)। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 19 मई को मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए 10 हजार से अधिक महिलाएं, छात्र-छात्राएं छह मई को सड़क पर उतरीं। प्रशासन की पहल पर अमर उजाला अपराजिता मतदाता जागरूकता अभियान के तहत चहनियां बाजार से धानापुर तक सरकारी, गैर सरकारी विद्यालयों के छात्र, अध्यापक, स्वयं सेवी संगठनों के साथ प्रशासनिक कर्मचारियों की टीम ने हाथ से हाथ मिलाकर 16 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला बनाई। इस दौरान, मम्मी पापा भूल न जाना, वोट देने जरूर जाना, के नारे भी लगाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने चहनिया में मानव शृंखला का उद्घाटन किया। इस दौरान वह पैदल भी चले। धानापुर से चहनिया तक लगभग 16 किलोमीटर तक  मानव शृंखला बनाने के लिए छात्र, अभिभावक, अध्यापक जुट गए। सुबह दस बजे जिले के सभी विभागों के कर्मचारियों और विभिन्न विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथ से हाथ मिलाकर मानव शृंखला बनाई। विद्यार्थियों ने, मम्मी पापा भूल ना जाना, वोट देने जरूर जाना, के नारे लगाए। मानव श्रृंखला का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी रामसजीवन मौर्य, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी सुशील मिश्रा और अन्य अधिकारी धानापुर चहनिया मार्ग के नरौली मोड़ पहुंचे। यहां स्कॉलर्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अधिकारियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मतदाता जागरूकता स्लोगन लिखे गुब्बारे उड़ाए गए। सड़क पर आकर्षक रंगोली बनाई। मानव शृंखला धानापुर में शहीद हीरा सिंह महाविद्यालय, अमरवीर इंटर कॉलेज के विद्यार्थी एवं प्राथमिक उच्च प्राथमिक, मदरसा मिस्बाहुल उलूम के शिक्षक, कर्मचारी शामिल रहे। इस मौके पर डॉ. बृजेश सिंह, ध्रुव भूषण सिंह, सुनील सिंह, जैनेंद्र यादव, अरविंद सिंह, अजय शेखर सिंह, खान मोहम्मद अनीस, सलाम खान, इम्तियाज अहमद, पुल्लू बाबू मौजूद थे। चहनियां में मानव शृंखला को लेकर उत्साह दिखा। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों ने चौराहे से धानापुर ब्लॉक परिसर तक जाकर लोगों को 19 मई को मतदान करने का संदेश दिया। प्रेक्षक सुरेंद्र मीना, नोडल अधिकारी स्वीप रविन्द्र प्रताप और ब्रांड अंबेसडर राकेश रौशन ने लोगों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर एसडीएम सकलडीहा रामसजीवन मौर्य, सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल, डीसी एनआरएलएम, तहसीलदार नूपुर सिंह, नायब तहसीलदार बृजेश सिंह, बीईओ धर्मेंद्र मौर्य, एसओ बलुआ धीरेंद्र सिंह, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, फैयाज अहमद, समाज सेविका डॉ. सरिता मौर्य, अशोक यादव आदि रहे।