Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

महिला तो सबसे सशक्त है, सबला है.. अपने साथ दूसरों को बनाएं आत्मनिर्भर

Published - Thu 20, Jun 2019

अपराजिता महिला सशक्तिकरण सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन

अमरोहा। अमर उजाला फाउंडेशन और अमरोहा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पुलिस लाइन में अपराजिता महिला सशक्तिकरण सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं खुद के साथ दूसरों को भी आत्मनिर्भर और सशक्त बनाएं। अफसरों ने उनके अधिकार और शासन की अनेक योजनाओं संबंधित जानकारी दी। महिलाओं से सुरक्षा की अनदेखी न करने का आह्वान किया। नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन ने शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि महिलाओं को शिक्षा अवश्य ग्रहण करनी चाहिए। इसके चलते महिलाओं को स्वयं ही अपने अधिकारों की जानकारी हो जाएगी। महिलाओं को अपने अधिकारों को हासिल करना चाहिए। डीएम उमेश मिश्रा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए चलाई जा रहीं महिला हेल्प लाइन, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मिशन इंद्रधनुष, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी दी। एसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा के लिए कई पुलिस हेल्प लाइन नंबर 1090, 100, 181 चला रही है। महिलाएं शोषण के खिलाफ इन पर शिकायत दर्ज करा सकती हैं। मोबाइल फोन पर अनचाही कॉल, व्हाट्सएप आदि पर की जा रही अभद्रता की शिकायत पुलिस से कर सकती हैं। एंटी रोमियों स्क्वाड और नारी उत्थान केंद्र जानकारी दी। यातायात नियामों की दी जानकारी अमरोहा। एएसपी बृजेश सिंह ने यातायात के नियमों का पालन करने, नशे में गाड़ी न चलाने, तीन सवारी न बैठाने और हेलमेट का प्रयोग करने का आह्वान किया। इसके अलावा सीट बेल्ट आदि का प्रयोग करने और सावधानी पूर्वक वाहन चलाने का संदेश दिया। वचनबद्धता की शपथ दिलाई अमरोहा। अपराजिता महिला सशक्तिकरण सुरक्षा कार्यक्रम के तहत डीएम उमेश मिश्रा ने नारी गरिमा को अक्षुण्ण रखने और उनके चेहरे पर आत्मविश्वास की मुस्कान के लिए हरसंभव प्रयास करने को वचनबद्धता की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान डेढ़ सौ से अधिक महिला ग्राम प्रधान, शिक्षिकाएं, महिला पुलिस कर्मी और गृहणी महिलाओं ने शपथ पत्र भरे।