Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

लखनऊ : बेटियां है तो कल है

Published - Sun 03, Feb 2019

अपराजिता अवेयरनेस इवेंट

लखनऊ। बेटियां हैं तो कल है। भविष्य है। जिंदगी की धूप में छांव की तरह। जिस आंगन में बेटियां होती हैं, वो खिलखिलाता है। मुस्कुराता है। वहां एक ताजगी होती है। खुशियां होती है। जिंदगी का कलरव होता है। वैसे ही जैसे हरियाली खुशियां बिखेरती है। जिंदगी देती है। बेटियों के सम्मान में, उनके बेहतर भविष्य की कामना लिए हर आम-ओ-खास ने एक पौधा बेटी के नाम रोपा। मौका था राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में 23 जनवरी के उपलक्ष्य में अमर उजाला की 'अपराजिता: 100 मिलियन स्माइल्स' मुहिम के तहत रिवर फ्रंट स्टेडियम के पास किड्स जोन में  पौधरोपण कार्यक्रम का। लखनऊ विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने बेटियों के नाम 1100 पौधे रोपे। 'आइए लगाएं एक पौधा बेटी के नाम' आयोजन में शहरभर से उमड़े लोगों ने बिटिया को आगे बढ़ाने और उसका कल, उसके हिसाब से संवारने का संकल्प लिया और पौधरोपण किया। इस दौरान मौलश्री, पिलखन, पीपल, कैलेंडरा, कनेर और टिकोमा के पौधे रोपे गए।  महापौर संयुक्ता भटिया, नगर की महंत देव्या गिरि, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, खेल मंत्री चेतन चौहान, बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल, गोरखपुर से विधायक संगीता, शिक्षाविद, नगर निगम, एलडीए, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, कारोबारियों, समाजसेवी, धर्मगुरुओं जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्र-छात्राओं ने अनूठे अभियान में पौधरोपण कर राजधानी से 'पर्यावरण संवारो, बेटी बचाओश' की नई इबारत लिखी। (23-1-19)