Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

अयोध्या : बेटियों की तरक्की को दीपदान

Published - Thu 31, Jan 2019

सरयू घाट पर आयोजन एवं जागरूकता शिविर

अयोध्या। अमर उजाला की मुहिम अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान की 23 जनवरी को सरयू साक्षी बनी। अयोध्यावासियों ने सरयू घाट पर बेटी की तरक्की और बेहतर माहौल देने के संकल्प के साथ घर से एक-एक दीप लाकर हजारों दीप जलाए। संत-धर्माचार्यों के सानिध्य में सरयू की आरती हुई। सैकड़ों बेटियों ने दीपदान किया। नारी गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए कामना की गई। संतों ने बेटियों को देवी का स्वरूप बताया और नारी सुरक्षा का संकल्प दिलाया। मुख्य अतिथि आईजी जोन ओंकार सिंह समेत प्रभारी एसएसपी संजय कुमार ने महिला सुरक्षा के लिए साझा अभियान में समाज के हर तबके से सहयोग मांगा। दशरथ महल बड़ास्थान के महंत बिंदुगाद्याचार्य स्वामी देवेंद्रप्रसादाचार्य, जगद्गुरू रामदिनेशाचार्य, महंत रामदास, अधिकारी राजकुमार दास, महंत गिरीशपति त्रिपाठी, महंत मनीषदास और शहर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने समूचे विश्व को बेटी की महिमा समझाते हुए उन्हें बेहतर माहौल देने का संकल्प दिलाया। इस दौरान यश म्यूजिकल ग्रुप की छात्राओं ने बेटी की दुश्वारियां और अहमियत गिनाते हुए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके पहले पूरे दिन अयोध्या में बेटियां आगे बढ़े और फलें-फूलें इस संकल्प के साथ गुरुकुल महाविद्यालय, साकेत महाविद्यालय, श्रीरामकथा प्रशिक्षण केंद्र गोलाघाट, कोचिंग सेंटर साहबगंज में अपराजिता अभियान की शपथ के साथ रामचरितमानस पाठ और हवन-पूजन हुए। (23-1-19)