Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

वोट दें, देश को बनाएं सशक्त

Published - Fri 05, Apr 2019

अपराजिता अभियान

अमर उजाला के अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत 4 अप्रैल को कई शहरों में आयोजन हुए। इस दौरान मतदाताओं को जागरूक किया गया। उन्होंने अपने वोट की ताकत बताई गई और देश को सशक्त बनाने के लिए मतदान जरूर करने की अपील की गई। कहीं रैलियों का आयोजन हुआ तो कहीं गोष्ठियों के माध्यम से मतदान के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। इसके अलावा सेल्फ डिफेंस और महिला सशक्तीकरण कार्यशाला भी हुई। कार्यक्रमों के ​दौरान अपराजिता शपथ पत्र भरे गए तथा नारी गरिमा का संकल्प भी लिया गया।

----


घर-घर दस्तक, वोटरों को किया जागरूक : देहरादून। आपका वोट अमूल्य है, इसका उपयोग जरूर करें। देश को सशक्त सरकार देने और विकास के लिए वोट की ताकत और इसका महत्व मतदाताओं को समझाया विद्यार्थियों ने। सुबह शहर के बल्लीवाला इंदिरा नगर में छात्रों ने मतदाता जागरुकता रैली निकाली। उन्होंने घर-घर दस्तक दी और मतदाताओं को वोट देने को प्रेरित किया। इस दौरान खास तौर पर महिला म​तदाताओं को वोट देने के लिए प्रेरित किया गया।

----

यातायात नियमों का पढ़ाया पाठ : गोंडा। एम्स इंटरनेशनल स्कूल में ट्रैफिक रूल्स अवेयरनेस वर्कशॉप एवं वोटर अवेयरनेस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। सीओ सदर व यातायात महावीर सिंह ने छात्राओं को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करके खुद की और अन्य लोगों की जान जोखिम में डाल देते हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान छात्राओं को लोकसभा चुनाव और मतदान के महत्व के बारे में भी बताया गया। स्कूल के प्रबंधक मतलूब खां ने भी बच्चों से नियम कानून का पालन करने की सलाह दी।


-----

लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक बनें :  महराजगंज। जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी को जागरूक रहने की जरूरत है। इसके लिए जिले में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। स्कूल कॉलेजों में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को जागरूक रहने की जरूरत है। यह बात एडीएम कुंजबिहारी अग्रवाल ने सेंट जोसेफ स्कूल में आयोजित मतदाता जागरुकता गोष्ठी में कही। उन्होंने विद्या​र्थियों से कहा कि वे माता-पिता के साथ ही आसपास और रिश्तेदारों को वोट देने के लिए प्रेरित करें।

 

----

डरें नहीं, पुलिस को बताएं : सोलन। युवतियां और महिलाएं किसी भी परिस्थिति में डरें नहीं, बल्कि डटकर मुकाबला करें। जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लें। अर्की क्षेत्र के अंतर्गत डिग्री कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को यह जानकारी दी। प्राचार्य प्रो.रीटा शर्मा ने भी विचार रखे। कार्यक्रम के बाद छात्राओं ने रैली निकाल कर महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।

 

----

खुद करें अपराधियों से मुकाबला : बाराबंकी। अपराध और अपराधियों से डरने और घबराने की बजाय उनसे मुकाबला करना सीखें। खुद में साहस पैदा करें, अपराधियों से मुकाबला करें। इसी से आप खुद को साबित कर पाएंगी। नवोदय विद्यालय सोनिकपुर त्रिवेदी गंज में आयोजित सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप में छात्राओं से यह बात कही गई। इस दौरान छात्राओं को कई दांवपेच भी सिखाए गए।

----

प्रत्याशी को परखें, फिर वोट करें :  अयोध्या। अवध विवि के आईईटी विभाग के डॉ. कल्पना चावला हॉल में छात्र-छात्राओं ने फोकस ग्रुप युवा संवाद में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर परिचर्चा में हिस्सा लिया। उनका कहना था कि महिला सुरक्षा, आर्थिक आधार पर आरक्षण, शिक्षा और रोजगार पर विशेष ध्यान देने के साथ देश को नई उंचाई पर ले जाने वाली सरकार व जनप्रतिनिधि को वरीयता देंगे। सरकार जो भी वैकैंसी निकाले, उसकी पूरी प्रक्रिया ईमानदारी से और  समय पर पूरी होनी चाहिए। इस दौरान सभी ने मतदान करने तथा लोगों को भी वोट देने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।


----

कानून के बारे मे दी जानकारी : जगतपुर(रायबरेली)। यदि किसी छात्रा को कोई प्रताड़ित करता है तो इसकी सूचना तुरंत 1090, हंड्रेड डायल, टि्वटर एवं नेट के माध्यम से दे सकते हैं। इसके बाद भी अगर कोई नहीं सुनता है तो कोर्ट में शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। इससे आपकी शिकायत का निस्तारण होगा और राहत मिलेगी। विकास क्षेत्र के कस्बा स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर जूनियर हाई स्कूल में आयोजित कानून की पाठशाला में जगतपुर प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने छात्राओं से यह बात कही। सिविल कोर्ट के अधिवक्ता माता प्रसाद ने महिलाओं के लिए बने कानूनों और अधिकारों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य विजय करन सिंह ने सभी को मन लगाकर पढ़ने और कमायाब होने की सीख दी।

-----

मतदाता अधिकार और कर्तव्य : सुल्तानपुर। लोकतंत्र में मतदान हमारा अधिकार और कर्तव्य दोनों है। आप खुद भी मतदान करें और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। मतदान प्रतिशत बढ़ाकर जिले का गौरव बढ़ाएं। अमेठी के संकठा प्रसाद एकेडमी में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शिक्षकों ने यह बात कही। शिक्षकों ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार इससे एक अच्छी और सशक्त सरकार चुनी जा सकती है। अंत में सभी विद्यार्थियों ने मतदान करने और जागरूकता बढ़ाने की शपथ ली।

 

----

मत अधिकार नहीं हथियार है : सीतापुर। लोकतंत्र में सबको मतदान करने का अधिकार प्राप्त है। यह सिर्फ अधिकार ही नहीं है, बल्कि यह हथियार है। इसकी मार अच्छे-अच्छों को घायल कर देती है। बस सभी को अपने वोट रूपी इस हथियार को चुनाव के दिन उपयोग में लेना है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाह महोली में आयोजित मतदाता जागरुकता कार्यशाला में छात्राओं ने यह बात कही। इस दौरान छात्राओं ने कहा, इस बार चुनाव में अपने अधिकार का उपयोग करेंगे। मतदाताओ को जागरुक करके उनसे भी मतदान करवाया जाएगा। इससे देश में सशक्त सरकार का गठन होगा और विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।

 

----

जीत के बाद वादे पूरे करे उम्मीदवार : बलरामपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रानी धर्मशाला में संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें शिक्षक नेताओं ने उम्मीदवार चयन पर अपने विचार खुलकर व्यक्त किए। लोकसभा चुनाव में परखकर उम्मीदवार का चयन करने पर बल दिया गया। इस दौरान यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन के शिक्षकों ने लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षकों ने कहा कि वोट लेने के समय उम्मीदवार बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव होने के बाद सारे वादे धरे रह जाते हैं। उम्मीदवारों के वादों की समीक्षा होनी चाहिए। खरा उतरने वाले उम्मीदवार को तरजीह मिलनी चाहिए। हमारा सांसद ऐसा हो जो सभी के सुख दुख में बराबर भागीदार हो। लोगों की समस्याओं का निराकरण कराए। क्षेत्र का विकास कराने में सक्षम होना चाहिए।

---

 

मतदान के प्रति सभी हों जागरूक : मुरादाबाद। मतदान भी राष्ट्र की सेवा का एक माध्यम है। इस अधिकार के प्रति सबको जागरूक होने की जरूरत है। शत-प्रतिशत मतदान से ही लोकतंत्र मजबूत होगा और सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित मतदाता जागरुकता कार्यक्रम में यह बात कही गई। इस दौरान छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे अपने माता-पिता और आसपास के लोगों को मतदान देने के लिए जागरूक करेंगी।

-----

स्वास्थ्य व प्रगति पर ध्यान केंद्रित करें विद्यार्थी : अंबेडकरनगर। छात्राओं को प्रगति व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। व्यर्थ की चिंता करने से कुछ हासिल नहीं होता। यह बात ताइक्वांडो प्रशिक्षक मंगेश ने लिटिल एंजिल चिल्ड्रेन एकेडमी अकबरपुर में कही। यहां वोडाफोन सखी के सहयोग से सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप का आयोजन हुआ था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य बेहतर रखने पर सभी युवाओं को विशेष ध्यान देना चाहिए। छात्राएं हों या छात्र सभी को अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक होने की जरूरत है। कई बार छोटी सी लापरवाही से समस्या बड़ी हो जाती है। प्रशिक्षक ने छात्राओं को आत्मरक्षा के कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए और विस्तार से रिहर्सल भी कराया। कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयासों से ही छात्राओं का आत्मबल मजबूत होता है। आत्मबल मजबूत होने पर ही कोई भी इंसान अपनी प्रगति आसानी से हासिल कर सकता है।

 

-----
 

हमारे पास भी है सुरक्षा का हथियार : लखनऊ। सेल्फ डिफेंस ऐसा हथियार है, जिसके सहारे लड़कियां अपनी सुरक्षा खुद करने में सक्षम हैं। मोती नगर स्थित बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज की छात्राओं के लिए आत्मरक्षा की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छात्राओं ने डिफेंस और अटैक के कई दांवपेच सीखे। साथ ही शिक्षिकाओं के संग मतदाताओं को जागरूक करने की शपथ भी ली। प्रशिक्षक प्राची वर्मा, प्रकाश सोनकर और रोशन कुमार ने छात्राओं को प्रशिक्षित किया। उन्होंने डिफेंस और अटैक की कई बेसिक ट्रिक्स सिखाईं और अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को सतर्क रहने और तेजी के साथ अगला कदम उठाकर सामने वाले पर हावी होने की सीख दी।

 

----


चौपाल में मतदान पर चर्चा : लखनऊ। ‘गांव की सूरत बदली तबे वोट दिया जाई। वादे त पिछली बेरिया भी खूब भये। पर उनका अमल मा लावै का कौनौ मजबूत कोशिश नाई भई। छोट-छोट बच्चन की पढ़ाई, बुजुर्ग लोगन का बीमारी-इलाज, बिटियन की सुरक्षा की पक्की बात करै वाले के हक मा मतदान किहा जाई। ताकि पाछे पछिताइ की नौबत ना आवै। ऐसी कई बातें हुईं मोहनलालगंज के मऊ गांव में लगी चुनावी चौपाल में। चौपाल का आयोजन अमर उजाला अपराजिता 100 मिलयिन स्माइल्स के तहत किया गया। बात शुरू हुई तो घंटों चली। कोई अपना नेता कैसा हो तो कोई मतदान को लेकर अपने-अपने तर्क दे रहा था। आशीष द्विवेदी ने कहा कि चुनाव के बाद नेता इलाके में आते ही नहीं, हमें ऐसा नेता नहीं चाहिए। हमें इलाके में मौजूद रहने वाला नेता चाहिए। चौपाल में अमरेन्दर प्रताप सिंह, बिपिन यादव, एडवोकेट रमाकांत, मोहम्मद अली, प्रदीप सिंह, गंगा देवी, रामा देवी, अंगाना और शालिनी सिंह ने भी विचार रखे।