Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

रिज पर नाटी डाल महिलाओं ने दिया ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश

Published - Tue 04, Jun 2019

जिला प्रशासन के सहयोग से अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में महिलाओं में दिखा जोश

शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान पर जिला प्रशासन और अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में सोमवार को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश के साथ महिलाओं ने नाटी डाली। जिले भर से पहुंची करीब छह सौ आंगनबाड़ी और महिला मंडल की महिलाओं ने इसमें हिस्सा लिया। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला परियोजना अधिकारी ईरा तनवर बतौर नोडल अधिकारी इस दौरान मौजूद रहीं। कार्यक्रम दोपहर करीब दो बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चला। इस बीच महिलाओं ने बेटी लागा ढोलदा ढमाका.. पत्ता पाना रा.. मेरा हिमाचल बड़ा प्यारा.. ऊंचा दे कांडे पाके रायला.. तेरी होली भक्ति महामाया जय मां शेरावालिए.. ओरू दे मेरो डांगरू.. धाठू वालिए कमलुए तेरा लागा.. चौपाली री छोरिऐ बौणे बाशौ ला.. झूरी काटी लेनी कुकड़ी.. गीतों पर सामूहिक नाटी डाली।

कार्यक्रम में पहुंचे उपायुक्त, अफसरों ने भी डाली नाटी
समर फेस्टिवल समिति के अध्यक्ष और उपायुक्त अमित कश्यप भी कार्यक्रम देखने पहुंचे। उपायुक्त करीब आधे घंटे तक कार्यक्रम में रहे। कार्यक्रम के बीच मौजूद अधिकारियों ने भी नाटी डाली। इस दौरान उपायुक्त ने महिलाओं की प्रशंसा की। कार्यक्रम में एडीएम प्रभा राजीव, एसडीएम शहरी नीरज चांदला और शहरी सीडीपीओ ममता पॉल मौजूद रहीं।