Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

हर वोटर वोट करेगा का गूंज उठा नारा

Published - Wed 10, Apr 2019

अपराजिता मतदाता जागरुकता अभियान

aparajita event siddharth nagar

अमर उजाला के अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के 9 अप्रैल को विभिन्न शहरों में कार्यक्रम हुए। मतदाता जागरुकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। खासतौर पर महिलाओं को मतदान करने का संकल्प दिलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रैली, गोष्ठी, शपथ सहित अन्य आयोजन हो रहे हैं। इस दौरान अपराजिता शपथ पत्र भी भरे जा रहे हैं और नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प भी लिया जा रहा है। 

---

जोश के साथ मतदान का संदेश : लखनऊ। हाथों में तख्तियां और नारों की गूंज। लखनऊ में अपराजिता की मतदाता जागरुकता मुहिम के असर का अंदाजा लोगों के जोश से लगाया जा सकता है। लखनऊ के माल ब्लॉक में गांव शहर गली गली अभियान के तहत मतदाता जागरुकता का संदेश देने अपराजिता की टोली निकली तो लोग भी उनके साथ हो गए। मलिहाबाद के लोगों का जोश माल ब्लॉक के लोगों से कम नहीं था। सभी अपराजिता टोली के साथ 'हर वोटर वोट करेगा' कानारा लगाते निकल रही थी।

----

महिला वोटरों को करेंगे प्रेरित : बाराबंकी। खुद वोट करेंगे और अन्य महिलाओं को भी वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे। बाराबंकी कार्यालय में आयोजित मतदाता जागरुकता कार्यक्रम में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि वे जागरुकता के अभाव में बहुत ही कम महिलाएं वोट देती हैं, लेकिन अब महिलाओं को जागरूक किया जाएगा, ताकि वे भी अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

----

विकास पर देंगे वोट : अयोध्या। लोकतंत्र के महापर्व में वोट करेंगे, लेकिन सोच-समझकर वोट करेंगे। हम युवाओं में से कई पहली बार मतदान करेंगे, लेकिन उन्हें हम यही सलाह देंगे कि वे अपने मतदान का सोच-समझकर उपयोग करें। फोकस ग्रुप फर्स्ट वोटर्स संवाद में छात्र-छात्राओं ने यह बात कही। इस दौरान सभी ने अपने-अपने मुद्दे को लेकर बेबाक राय रखी।

----

मतदान का संकल्प लिया: पिथौरागढ़। मतदान करना अधिकार ही नहीं, सभी का कर्तव्य भी है। इसका उपयोग जरूर करें। नगर के रई गुफा मंदिर में आयोजित मतदाता जागरुकता कार्यक्रम में शामिल महिलाओं से यह बात कही गई। इस दौरान महिलाओं ने क्षेत्र की समस्याओं की बात रखी। साथ ही महिला सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। कार्यक्रम में सभी ने शत-प्रतिशत मतदान करने का संकल्प लिया।

----

शिक्षिकाओं ने लिया मतदान का संकल्प : सीतापुर। सहगल सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शिक्षिकाओं ने मतदान करने का संकल्प लिया। शिक्षिकाओं ने कहा कि वे खुद वोट करेंगी। साथ ही आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का काम करेंगी। इस दौरान अभिभावकों से आह्वान किया कि वे खुद भी वोट दें। साथ ही अपनेआसपास और परिवार में सभी को प्रेरित कर आगामी 6 मई को मतदान करने को प्रेरित करें। इससे लोकतंत्र मजबूत होगा।

----
 

पर्व की तरह मनाएं मतदान दिवस : सुल्तानपुर। रेलवे हॉस्पिटल में कर्मचारी संगठनों के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। एनआरएमयू के पदाधिकारियों ने मतदान को नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व बताया। इस दौरान कहा गया कि देश के नागरिकों का यह सबसे बड़ा अधिकार है। न केवल स्वयं मतदान करें बल्कि, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। मतदान दिवस को पर्व की तरह मनाएं।

---

सेहतमंद बेटियां ही लाएंगी सामाजिक परिवर्तन : गोंडा। समाज में बेटे-बेटी का भेद मिटाने के लिए अभिभावकों को पहल करनी होगी। उन्हें आगे आना होगा तथा बेटियों को शिक्षा के लिए स्कूल भेजना होगा। इसके अलावा उन्हें बेटियों के स्वास्थ्य पर भी ध्यान होगा। अगर बेटियां स्वस्थ रहेंगी तो ही ठीक से पढ़ लिख सकेंगी और आगे बढ़ सकेंगी। एपीएस ग्लोब स्कूल में सेहतमंद बेटियां कार्यक्रम के दौरान यह बात कही गई। इस दौरान बेटियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

---
 

रैली से किया मतदाताओं को जागरूक : सिद्धार्थनगर। बढऩी ब्लॉक के तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पंडित बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। लोगों से लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने की अपील की। मुख्य अत‌िथि ढेबरुआ कोतवाली के सब इंस्पेक्टर शिवदास गौतम ने कहा कि मतदान से ही हम एक अच्छी सरकार का चयन कर सकते हैं। यदि हम वोट डालने नहीं जाते हैं तो चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि की कार्यशैली को लेकर भी टिप्पणी करने का हमें कोई अधिकार नहीं हैं।

 

---

मतदान व नारी सशक्तीकरण की शपथ : शिमला। लोकतंत्र का महापर्व है चुनाव। अधिक से अधिक मतदान कर महापर्व में अपनी भागीदारी निभाएं। इसके अलावा महिला सशक्तीकरण के लिए आगे आएं। महिलाओं को स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित करें और उन्हें आगे बढ़ाएं। शहर के गैटी​ थिएटर में  शिमला नर्सिंग कॉलेज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही गई। इस दौरान सभी ने शपथ भी ली।

---


बेटियां आत्मविश्वास को बनाएं मजबूत : बहराइच। बच्चियां आपात स्थिति में आत्मबल के साथ अराजकतत्वों पर प्रहार करें। विपरीत परिस्थितियों में भी हौसला न खोएं। बेटियां अपने आत्मविश्वास को मजबूत बनाएं। मोहल्ला काजीपुरा स्थित सर सैय्यद गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित सेल्फ डिफेंस कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी इसरार अली ने बच्चों को आत्मरक्षा के टिप्स दिए। उन्होंने छात्राओं को दांवपेच सिखाए। स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाया।