Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

मतदान अपका कर्तव्य है, इसे पूरा करें

Published - Wed 03, Apr 2019

अपराजिता अभियान

aparajita event dehradun

अमर उजाला के अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत 2 अप्रैल को विभिन्न शहरों में आयोजन हुए। मतदाता जागरूकता के साथ ही सेल्फ डिफेंस से जुड़े कार्यक्रम भी हुए। विद्यार्थियों ने रैली निकालाकर मतदाताओं को जागरूक किया। महिलाओं ने भी वोट देने की शपथ ली तो व्यापारियों ने मतदाताओं को वोट देने के लिए प्रेरित करने का वादा किया। इस दौरान सभी ने अपराजिता शपथ पत्र भरे तथा नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।

----

रैली निकाल मतदाताओं को जागरूक किया : देहरादून। चौका चूल्हा छोड़ दो 11 अप्रैल को वोट दो... इसी नारे के साथ सोशल बलूनी स्कूल के छात्रों ने हर घर का दरवाजा खटखटाया और महिलाओं व युवतियों को 11 अप्रैल को वोट देने के लिए घर से बाहर निकलने की अपील की। इस दौरान छात्रों ने कारगी चौक से बंजारावाला दुर्गा मंदिर होते हुए करीब एक किलोमीटर की रैली निकाली। बताया गया कि अब छात्रों द्वारा लगातार मतदाता जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी।

---

सुबह परीक्षा दी, दोपहर में वोटरों को जगाया : लखनऊ। गुसाईगंज में निकली अपराजिता मतदाता जागरुकता रैली में छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है, युवा शक्ति के तीन काम, सेवा शिक्षा और मतदान...का संदेश लेकर छात्राओं और शिक्षिकाओं की टोली गुसाईगंज के हर गली-नुक्कड़ से गुजरी। रैली में  लाला गणेश इंटर कॉलेज, लाला महादेव प्रसाद वर्मा महाविद्यालय की छात्राओं व शिक्षकों ने हिस्सा लिया। सुबह से परीक्षा में व्यस्तता के बावजूद, कड़ी धूप में वोट डालने की अपील करने निकली छात्राओं के चेहरे पर गजब का उत्साह था। बिना थके आगे बढ़ती छात्राओं ने न केवल खुद वोट डालने का संकल्प लिया, बल्कि अपने आसपास के सभी लोगों को मतदान केंद्र तक लेकर जाने वादा भी किया। लाला गणेश इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल अंजु सिंह व महादेव प्रसाद वर्मा महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. नीरज सिंह रघुवंशी, तहसीलदार उमेश कुमार सिंह, ग्राम प्रधान ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह समेत स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने भी रैली में हिस्सा लेकर वोट डालने की अपील की।

---

महिलाओं को करें वोट देने को जागरूक : बस्ती। आधी आबादी जिस दिन मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपनी सहभागिता निभाएगी, उस दिन हम शत प्रतिशत मतदान के करीब होंगे। जीवीएम कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल में सशक्त नारी से लोकतंत्र की सुरक्षा विषय पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह व विशिष्ट अतिथि संजेश श्रीवास्तव ने यह बात कही। इस दौरान उन्होंने मतदान का महत्व बताया। साथ ही किसी प्रकार का संदेह होने पर 1950 पर डायल करने की जानकारी दी।

----

वोट देने की शपथ : अयोध्या। बीकापुर के बाल विकास परियोजना कार्यालय से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें जन-जन की यही पुकार वोट देना सबका.. अधिकार नारे लगाए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित अन्य कर्मचारियों ने वोट जरूर देने तथा अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस दौरान वक्ताओं ने आधी आबादी को मतदान के जरिए सशक्त व अच्छी सरकार चुनने का आह्वान किया।

----

डरें नहीं, अपराधियों का मुकाबला करें: सुल्तानपुर। उच्चतर प्राथमिक स्कूल कुछमुछ में सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जूडो कराटे प्रशिक्षक अभिनव पांडेय ने बच्चों को आत्मरक्षा के टिप्स दिए। कहा कि बच्चियां आपात स्थिति में आत्मबल के साथ अराजकतत्वों पर प्रहार करें। विपरीत परिस्थितियों में भी हौसला न खोएं। डरें नहीं, अपराधियों का डटकर मुकाबला करें। स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाया।

----

व्यापारियों ने अधिक विकास की जताई उम्मीद : सीतापुर। देश को एक ऐसी सरकार चाहिए जो देश के हर इंसान की भावनाएं समझे। उनके लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाए। व्यापारियों के लिए रोजगार में सहूलियत दी जाए। इंस्पेक्टर राज का खात्मा हो। मतदाता जागरुकता कार्यशाला में यह बात व्यापारियों ने कही। उन्होंने कहा कि सीतापुर जिला पिछड़े इलाके में शुमार है। इस तबके से बाहर निकाले। सांसद से अपेक्षा करेंगे कि वह जिले की प्रमुख समस्याओं का संसद में मुद्दा उठाकर उनका निस्तारण कराएं। इसके लिए लोगों से अपील करेंगे। यह सब समस्याएं तभी दूर होंगी, जब हम सब मिलकर मतदान करेंगे। हर मतदाता को उसको जिम्मेदारी की याद दिलाते उसका मतदान कराना सुनिश्चित करेंगे।

 

----
 
अधिकार के लिए आगे आएं महिलाएं : अंबेडकरनगर। महिलाओं को अपने अधिकार व सम्मान के लिए मजबूती से आगे आना होगा। जब तक वे अपने मन से डर नहीं निकालेंगी, तब तक उनकी वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। यह विचार ताइक्वांडो प्रशिक्षक मंगेश कुमार ने डीएवी पब्लिक स्कूल टांडा में रखे। यहां वोडाफोन सखी के सहयोग से सेल्फ कांफिडेंस वर्कशॉप का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी भी परिस्थिति को लेकर घबराने व चिंतित होने की बजाए उनका डटकर मुकाबला करना चाहिए। समाज में तेजी से बदलाव हो रहा है। महिलाएं अब अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिभा दिखा रही हैं, जिसमें उन्हें समाज का साथ भी मिल रहा है। शुरुआती या आगे के दौर में यदि कोई प्रतिकूल परिस्थिति आ जाती है, तो अक्सर महिलाएं निराश होकर बैठ जाती हैं। ऐसा करने से प्रगति नहीं तय हो सकती। युवतियों व महिलाओं को मन में छिपा डर निकालना होगा। उन्होंने बाद में छात्राओं को आत्मरक्षा के कई जरूरी प्रशिक्षण भी दिए। प्रशिक्षक रजत मौर्या व अवधेश मिश्र ने कहा कि सभी को सामाजिक जिम्मेदारी निभाना होगा।

----

महिलाएं बढ़ रहीं आगे : डलमऊ (रायबरेली)। डलमऊ तहसील क्षेत्र बड़ेरवा ग्राम स्थित किसान इंटर कॉलेज में एजुकेशन वर्कशॉप का आयोजन किया गया जिसमें शिक्षा के माध्यम सेमहिला सम्मान बरकरार रखने के लिए और महिला सशक्तिकरण तथा महिला उत्पीड़न आदि पर चर्चा की गई। विद्यालय की प्रबंधक कुसमा यादव और प्रधानाचार्य अशोक यादव ने कहा कि महिलाएं शिक्षित होकर आज के समाज में पुरुषों से कंधा से कंधा मिलाकर चल रही है तथा शिक्षित महिलाएं पुरुष वर्ग द्वारा विभिन्न प्रकार से किए जा रहे उत्पीड़न और अत्याचार का सामना कर रही है। शिक्षा के माध्यम से महिलाएं एकजुट और अपने अधिकारों के हो रही हनन पर विराम दे रही हैं। विद्यालय के महेश चंद्र, अरविंद त्रिवेदी ने कहा कि आज के परिवेश में महिलाओं की गरिमा बनाए रखना तथा उनका सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है।