Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

रायबरेली : देश की शान बेटियां

Published - Thu 17, Jan 2019

अपराजिता प्रतियोगिता

सिंहपुर-इन्हौंना (रायबरेली)। बेटियां ही देश की शान हैं। उनकी बदौलत ही घर खुशहाल है। खेल की दुनिया हो या फिर शिक्षा और विज्ञान, हर क्षेत्र में बेटियां आसमान छू रही हैं। कुछ ऐसे ही सरोकारों से श्रीमती शिवकुमारी शुक्ला इंटर कॉलेज चिचौली के छात्र-छात्राओं ने बेटियों के सशक्तीकरण, उनके सम्मान के प्रति अपनी कटिबद्धता व्यक्त की। मौका था अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत 12 जनवरी को आयोजित रंगोली, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता का। छात्र-छात्राओं ने बेटियों को शिक्षित करने और उन्हें सम्मानित नागरिक व समान अधिकार देने जैसे अपने विचार कागज पर उकेरे। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए उत्सुकता देखते ही बनी। जज की भूमिका एसडीएम तिलोई महेंद्र श्रीवास्तव ने निभाई और बेटियों की सराहना की। शिवरतनगंज थानाध्यक्ष ज्ञानचंद्र शुक्ला, परमानंद मिश्र, गोपी चंद्र बाजपेयी, विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र शुक्ला ने बच्चों के रंगोली के कार्यक्रम की सराहना की व शाबासी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रिंसिपल शिवचंद्र त्रिवेदी व संचालन कर रहे रत्नेश शुक्ला ने कहा कि इस अभियान से बेटियां और अभिभावक जागरूक होंगे। (12-1-19)