Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

महिलाएं समझें मतदान की ताकत, बनें सशक्त

Published - Mon 01, Apr 2019

अपराजिता अभियान

aparajita event lucknow

अमर उजाला के अपराजिता :100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत 31 मार्च को विभिन्न जगह आयोजन हुए। इसके तहत महिला सशक्तीकरण पर चर्चा की गई तथा महिलाओं को पॉजिटिव सोच रखने को प्रेरित किया गया। साथ ही मतदान का महत्व बताते हुए वोट जरूर करने का आह्वान किया गया। इस दौरान अपराजिता शपथ पत्र भी भरे गए तथा नारी गरिमा को बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया।

---
सकारात्मक रखें अपने विचार : देहरादून। दुनिया को जिस नजर से देखोगे, वह वैसी ही दिखाई देती है। नजरिया सोच से बनता है। यानी आप जैसी सोच रखोगे वैसा ही रूप दुनिया का आपको नजर आएगा। लिहाजा हमेशा खुद को सकारात्मक विचारों से ओतप्रोत रखें, ताकि आपके साथ जो कुछ हो वह सकारात्मक ही दिखे। ये बातें मनोवैज्ञानिक पवन शर्मा ने एमकेपी पीजी कॉलेज में अमर उजाला के अपराजिता अभियान व प्रोग्रेसिव यूनिवर्स ऑफ एनएलपी ट्रेनिंग एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि खुद से जैसी बात करते है वैसा ही हमें नजर आता है। हमारे लिए कुछ भी असंभव नहीं है। बस अपने मस्तिष्क पर काबू पाने की आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने अपनी बातों और विचारों से कई छात्राओं को ऐसे प्रयोग भी दिखाए, जिनसे वह तत्काल ही खुद को सकारात्मक महसूस करने लगीं। इस मौके पर छात्राओं ने कई समस्याओं के समाधान भी पूछे।

 

---
 
संकोच छोड़ेंगी तो सशक्त बनेंगी महिलाएं : बस्ती। महिलाएं जिस दिन संकोच छोड़ देंगी, उस दिन खुद ही सशक्त हो जाएंगी। समाज की सुरक्षा में पुलिस सदैव तत्पर रहती है। महिलाओं के लिए संकटकाल में सुरक्षा के लिए अलग से हेल्पलाइन भी है, जरूरत है तत्काल सूचना देने की। तहसील सदर के सूर्य कुमारी बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में उप निरीक्षक रिंकी गुप्ता ने छात्राओं से यह बात कही। उन्होंने कहा कि छात्राएं कभी अकेले सुनसान रास्तों से नहीं निकलें। अगर जरूरी हो तो समूह में ही उस रास्ते से निकलें। इसके अलावा हमेशा पुलिस के हेल्पलाइन अपने पास रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद ली जा सके। उन्होंने छात्राओं को सतर्क व सजग रहते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने तथा कामयाब बनने के लिए प्रेरित किया।

 

---

मतदान जरूर करें महिलाएं : संतकबीरनगर। महिलाएं अब किसी क्षेत्र में कमजोर नहीं हैं। चुनाव में भी भागीदारी बढ़ी है। सभी महिलाओं की जिम्मेदारी है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराएं और वोट डालने जरूर जाएं। अमर उजाला कार्यालय में आयोजित महिला मतदाता जागरुकता गोष्ठी में प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका देवी ने महिलाओं से यह बात कही। उन्होंने कहा कि पढ़ी लिखी महिलाएं घर व पड़ोस की सभी अन्य महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। लोकतंत्र के इस पर्व को अपना अमूल्य वोट देकर सार्थक बनाएं। इस दौरान सभी ने मतदान जरूर करने की शपथ ली।

 

---

 
वोट देकर बनाएं सशक्त सरकार : अयोध्या। लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव लोकसभा चुनाव करीब है, ऐसे में महिलाओं के लिए सशक्त होने का सबसे बड़ा माध्यम मतदान है। सभी महिलाओं को मतदान में भाग लेना चाहिए। साथ ही धर्म, जाति व क्षेत्रीय समस्याओं से ऊपर उठकर अपने हितों की रक्षा के लिए मतदान करना चाहिए। एमआरडी इंटरनेशनल स्कूल में डांस व फैशन शो कंपटीशन के दौरान कॉलेज की शिक्षिकाओं व बच्चों के साथ आए अभिभावकों ने महिला सशक्तीकरण पर अपने विचार साझा करते हुए यह बात कही। सभी का मानना है कि महिलाएं सशक्त होंगी, तभी देश महाशक्ति बन सकेगा। इसके लिए महिलाओं को मतदान कर सशक्त सरकार चुननी चाहिए।

 

---

मतदाताओं को जागरूक करेगी टोली : लखनऊ। गांव गली मतदाताओं को जागरुक करने चली अपराजिता की टोली अभियान की शुरुआत बीकेटी के लोगों के साथ संवाद से हुई। इस मौके पर शामिल हुईं महिलाओं ने गांव के साथ शहरी इलाकों में मतदाताओं, खासकर महिला वोटरों को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान महिलाओं सहित लोगों को जागरूक करने के लिए सेल्फी गेट बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही मतदान के लिए प्रेरित करने वाले सोसाइटी के लोगों को सम्मानित करने पर भी चर्चा की गई।