Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

मतदान है महादान, इसमें निभाएं भागीदारी

Published - Fri 29, Mar 2019

अपराजिता अभियान

aparajita event deoria

अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत 28 मार्च को विभिन्न जगह आयो​जन हुए। इस दौरान बेटियों के साथ ही महिलाओं सेआह्वान किया गया कि वे लोकसभा चुनाव में वोट देने जरूर जाएं। यह मतदान नहीं महादान है और इसमें भागीदारी निभाएं। इसके अलावा बेटियों को आत्मरक्षा के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अपराजिता शपथ पत्र भरे और नारी गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया।

----

 

सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण ले स्वावलंबी बनेंगी बेटियां  : श्रावस्ती। आज के परिवेश में बेटियों को घरों से बाहर निकलते समय कई प्रकार की मुश्किलों से रूबरू होना पड़ रहा है। वह न तो घर में सुरक्षित हैं और न ही घर के बाहर। ऐसे में बेटियों को आत्मरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण जरूरी है। ताकि आवश्यकता पडऩे पर वह खुद का बचाव कर सके। अपराजिता अभियान के तहत वोडाफोन सखी के सहयोग से जूनियर हाईस्कूल भिनगा की छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षक उन्हें जूडो कराटे सहित आत्मरक्षा के लिए कई तरीकों की जानकारी दे रहे हैं। छात्राएं भी बढ़ चढ़कर प्रतिभाग कर रही हैं।

----
 

बेटियों ने सीखे आत्म रक्षा के गुर : गोंडा। अपनी रक्षा खुद करना सीखें, किसी से डरें नहीं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुरसहा में आयोजित सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण शिविर में महिला टेनरों ने यह बात छात्राओं से कही। उन्हें आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए तथा इनका नियमित अभ्यास कर अपराधियों से मुकाबला करने का साहस पैदा किया गया। इस अवसर पर जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओ मे बेहतर प्रदर्शन करने वाली विद्यालय की बालिकाओं रिंकू तिवारी, रिकी तिवारी, लवली, काजल तिवारी, सुमित्रा काजल को महिला आरक्षी द्वारा पुरस्कृत किया गया। प्रधानाध्यापक विवेक पाठक, गोपाल , शुक्ल भास्कर दूबे , सुरेन्द्र नाथ जयसवाल ने भी छात्राओं को पढ़ाई करके कामयाब बनने को प्रेरित किया।

 

----

मतदान के लिए जागरूक करें : देवरिया। लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए सभी छात्र-छात्रा यह संकल्प लें कि अपने घर-परिवार, रिश्तेदार और पास-पड़ोस के हर बालिग व्यक्ति को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे।  महिलाओं को ज्यादा जागरूक करें, ताकि वे वोट जरूर दें। श्रीमती गुजराती देवी स्मारक अंबेडकर इंटर कॉलेज धुसवां चौराहा में आयोजित मतदाता जागरूकता गोष्ठी में सीओ वरुण मिश्र व एडीओ आलोक सिंह ने यह बात कही। इस दौरान मतदान का महत्व बताया गया।

----


कानून की जानकारी जरूर रखें : महराजगंज। हम जाने अनजाने में कानून को कई बार अपने हाथ में ले लेते हैं। ऐसे में कानून की जानकारी सबके लिए जरुरी है। इसी से आप अपनी सुरक्षा कर सकते हैं और अपराधी को सजा दिलवा सकते हैं। सेक्रेड हार्ट स्कूल निचलौल में आयोजित कानून की पाठशाला में इंस्पेक्टर गजेंद्र राय ने विद्यार्थियों से यह बात कही। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गजेंद्र मिश्र ने लैंगिंक अपराध व घरेलू हिंसा कानून के बारे में बताया।

----

मतदान जागरुकता का संकल्प : अयोध्या। लोकतंत्र का पर्व है चुनाव। सभी का दायित्व है कि वे मतदान करे। कई लोग ऐसा नहीं करते हैं। हम उन्हें जागरूक व प्रेरित कर वोट दिलाएंगी। हम इसके लिए संकल्पबद्ध हैं। अयोध्या के अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने यह बात कही। सभी ने खुद मतदान करने और लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

-----
.

वोट जरूर दें : गोरखपुर। लोग जहां जरूरत हो, वहां चार घंटे तक लाइन में खड़े हो सकते हैं तो वोट देने के लिए कुछ मिनट लाइन में खड़े नहीं सकते। उन्हें मतदान की जिम्मेदारी को भी समझना चाहिए और खुद पहल कर वोट देने जाना चाहिए। मतदाता जागरूकता गोष्ठी में यह बात कही गई। सिटी ऑफिस में मार्शल आर्ट की माधुरी ने गोष्ठी की शुरुआत की। छात्राओं ने कहा कि 19 मई को समय निकालें और निश्चित मतदान करें।

 

-----

 

वोट देने की शपथ : देहरादून। मतदान सभी का अधिकार है, इससे वंचित न रहें। अच्छी और सशक्त सरकार चुनने के लिए वोट जरूर दें। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड में आयोजित मतदाता जागरुकता कार्यक्रम में यह बात कही गई। इस दौरान इस दौरान छात्राओं ने महिलाओं एवं बेटियों को अधिक से अधिक मतदान के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। मौके पर पुलिस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें मतदान से संबंधित सवाल पूछे गए।

 

-----

सशक्त बनें महिलाएं : अमरोहा। नारी खुद को कमजोर नहीं समझे। बेटियों को पढ़ाएं, मेहनत करें, स्वावलंबी बनकर खुद को आर्थिक शक्ति भी बनाएं। तभी आप सशक्त कहलाएंगी। शांति देवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल,धनौरा में महिला सशक्तीकरण पर आयोजित संगोष्ठी में यह बात कही गई। इस दौरान बेटियों को अपरा​धियों से सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने की भी सीख दी गई।

 

----

 लोकतंत्र का बड़ा महत्व :  बलरामपुर। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में मतदान का बड़ा महत्व है। एक अच्छी सरकार बनाने के लिए देश के हर नागरिक को मतदान अवश्य करना चाहिए।बेटियां अपने मत का महादान कर सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। खुद मतदान करने के साथ-साथ दूसरों को भी मतदान के लिए जागरूक करने का बीड़ा रामदीन बुधराम कृषक इंटर कॉलेज हुसैनाबाद ग्रिंट की बेटियों ने उठाया है। वोटर अवेयरनेस वर्कशॉप में अतिथियों ने बेटियों को उनके वोट की कीमत बताई। बेटियों ने भी मताधिकार से संबंधित तमाम सवाल पूछे।