Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

लोकतंत्र के पर्व पर वोट देकर मनाएं उल्लास

Published - Tue 26, Mar 2019

अपराजिता अभियान

aparajita event raibarelly

अमर उजाला के अपराजिता:100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत 25 मार्च को प्रदेश में कई जगह आयोजन हुए। इस दौरान लोकसभा चुनाव में मतदान के लिए मतदाताओं को प्रेरित किया गया। इसके अलावा महिला सश​क्तीकरण और स्वरोजगार पर चर्चा के साथ ही छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के टिप्स सिखाए गए। सभी कार्यक्रमों में अपराजिता शपथ पत्र भरे गए तथा नारी गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

----

वोट की ताकत और महत्व समझें : अयोध्या। वोट प्रत्येक मतदाता का अधिकार है और इससे मतदाता अच्छे प्रत्याशी को चुनते हुए मजबूत और अच्छी सरकार बनाने में मदद करता है। इसलिए वोट जरूर करें। खोजनपुर स्थित महिला प्रशिक्षण केंद्र में वोटिंग अवेयरनेस वर्कशॉप में छात्राओं और महिलाओं यह विचार रखे। इस दौरान बताया गया कि वोट देने को लेकर महिलाओं में कम रुचि होती है। महिलाओं को जागरूक करते हुए उन्हें वोट देने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

-----

सशक्तीकरण के लिए स्वरोजगार अपनाएं : बलरामपुर। महिलाएं रोजगार के क्षेत्र में भी पुरुषों से कहीं भी कम नहीं है। उन्हें थोड़ा सीखने की जरूरत है, इसके बाद थोड़ी सी मेहनत करके महिलाएं खुद को साबित कर सकती हैं। तुलसीपुर नगर में आदर्श महिला एवं जन सेवा संस्थान के सहयोग से विमन सेल्फ एंप्लॉयमेंट विषय पर आयोजित वर्कशॉप में संस्था अध्यक्ष कामना श्रीवास्तव ने कही। वर्कशॉप में ब्यूटीशियन ट्रेनर पुष्पा पासवान ने महिलाओं को इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। सिलाई कढ़ाई ट्रेनर रेखा गुप्ता ने लोगों को सिलाई कढ़ाई सीखकर रोजगार करने की बात बताई।

-----

लोकतंत्र और मतदान एक सिक्के के दो पहलू : कुशीनगर। लोकतंत्र का तात्पर्य जनता का शासन है। समाज की प्रत्येक गतिविधि लोकतंत्र से संचालित होती है। लोकतंत्र जीवन की पद्घति भी है। लोकतंत्र व मतदान एक सिक्के के दो पहलू है। दोनों को अलग नहीं किया जा सकता है। निरंकारी इंटरमीडिएट कॉलेज कसया में आयोजित लोकतंत्र की पाठशाला में ईओ प्रेमशंकर गुप्ता ने यह बात कही। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव में सभी से मतदान करने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

 

-----

वोट की गंगा बहाने का संकल्प : गोंडा। मतदान आपकी ताकत है। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैँ, उन्हें मतदान कर देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित वोटर अवेयरनेस वर्कशॉप में स्वीप प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने वोटरों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान बताया गया कि लोकतंत्र के महापर्व में सभी मिलकर वोटों की गंगा बहाएं, ताकि एक सशक्त सरकार बन सके। कार्यक्रम में सभी ने वोट देने और लोगों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।

----

 

बेटियों को हुनर मंद बनाने से ही देश की तरक्की : हरचंदपुर (रायबरेली)।  बेटियों को समुचित शिक्षा के साथ उनके हुनर को निखारने से ही देश की तरक्की संभव है। बेटियों को बंदिश और उत्पीड़न के माहौल से निकाल कर समुचित शिक्षा और उनमें छिपी मेधा को निखारने का समुचित अवसर दिया जाना चाहिए। सनशाइन पब्लिक स्कूल में स्किल डेवलपमेंट कार्यशाला में यह बात कही गई। कार्यशाला में बेटियों को भी उनकी रुचि के मुताबिक मेधा निखारने का पूरा अवसर दिए जाने के लिए जागरूक किया गया। उप निरीक्षक आशीष कुमार तिवारी ने कहा कि बेटियों में मेधा की कमी नहीं है। समाज और देश के विकास के लिए माता पिता को पारंपरिक सोच को छोड़ बेटियों को शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट के पूरे अवसर देनी चाहिए। वरिष्ठ उपनिरीक्षक एमपी सिंह ने कहा कि बेटियां जमीन से लेकर आसमान तक अपने हुनर का लोहा मनवा कर देश के विकास में ऐतिहासिक योगदान कर रही हैं। इन्हें  बढ़ने का पूरा अवसर दिया जाना चाहिए। इस दौरान छात्राओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को नहीं सहने और आत्मरक्षा के लिए अनेक टिप्स भी दिए।

-----

धैर्य न खोएं बच्चियां: सुल्तानपुर। बच्चियां विपरीत परिस्थितियों में धैर्य न खोएं। अराजक तत्वों का जमकर मुकाबला करें। आत्मरक्षा के प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढेगा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय दूबेपुर में सेल्फ डिफेंस कार्यशाला में जूडो कराटे के विशेषज्ञ अभिनव पांडेय और उनके साथियों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के टिप्स दिए। छात्राओं को सिखाए गए दांवपेच का नियमित अभ्यास करने को कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर वह इन दांवपेच का उपयोग कर सके।

-----

पहले मतदान, फिर दूसरा काम : झांसी। चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। इस महापर्व को पूरे उल्लास से मनाएं और प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करे। सदर बाजार स्थि​त आर्य समाज मंदिर में जन सूचना अधिकार मंच संस्था की ओर से मतदाता जागरुकता विषय पर आयोजित संगोष्ठी में यह बात कही गई। इस दौरान लोगों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूरी बताया। इस अवसर पर मतदाता शपथ भी हुई। लोगों ने शपथ पत्र भरकर नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ भी ली।

----

मतदान का महत्व समझाएं : हल्द्वानी। मतदान एक पर्व है। इस पर्व को पूरे उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए। हर मतदाता का कर्तव्य है कि वह वोट जरूर दे। इसी से सशक्त सरकार चुनी जा सकती है। तल्ली हल्द्वानी शक्ति विहार में आयोजित मतदाता जागरुकता गोष्ठी में यह बात कही गई। इस दौरान सभी ने मतदान करने और लोगों को भी वोट देने के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।