Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

शिक्षा से ही ताकतवर होंगी महिलाएं

Published - Wed 15, Jan 2020

अशिक्षित होने के कारण बहुत सी महिलाएं पीछे रह जाती हैं। ऐसी महिलाओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने का प्रयास करना होगा।

aparajita

पिपरीडीह/मऊ। परदहां ब्लाक के पिपरीडीह भार स्थित मैना देवी इंटर कालेज में शनिवार को अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत सजगता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 70 छात्राओं ने शपथ पत्र भर कर नारी गरिमा बनाए रखने की शपथ ली। मुख्य अतिथि निदेशक जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा और जागरूकता से ही महिलाएं ताकतवर हो सकती हैं।
 उन्होंने कहा कि अशिक्षित होने के कारण बहुत सी महिलाएं पीछे रह जाती हैं। ऐसी महिलाओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने का प्रयास करना होगा। कहा कि जीवन में तमाम बातों को लेकर तनाव होता है। नौकरी, पारिवारिक मसले, अन्य कई तरह की समस्याओं को लेकर तनाव से जूझना पड़ता है। लेकिन शिक्षित महिलाएं सही राह निकाल ही लेती हैं। प्रधानाचार्य विनोद सिंह ने कहा कि अपराजिता कार्यक्रम महिलाओं को नई दिशा देगा। कहा कि विकसित देशों की तुलना में हमारे देश की महिलाएं अभी काफी पीछे हैं। देश में अभी भी पुरुष और महिला के बीच असमानता की खाई है। पुराने और रूढ़िवादी परंपरा के लोग अभी भी लड़कियों को उच्च शिक्षा नहीं लेने देते।  खान-पान और शिक्षा के मामले में बालिकाओं के साथ भेदभाव समाप्त किए बिना महिलाओं को सशक्त नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण के प्रावधानों, टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी। इस मौके पर शंभुशरण, मिथिलेश, शीला, प्रतिमा, महेंद्र, अवधेश आदि उपस्थित रहे।