Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

मैनपुरी : कबड्डी में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

Published - Wed 13, Feb 2019

अपराजिता अभियान के तहत जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतियोगिता

मैनपुरी। श्री आदर्श कृष्णा इंटर कॉलेज रठेरा में अमर उजाला के अपराजिता अभियान के तहत 14 दिसंबर को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दो वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में करीब 100 छात्राओं ने भाग लिया। सीनियर वर्ग में फाइनल मुकाबला कक्षा 12 व कक्षा 11 की छात्राओं के बीच हुआ। जिसमें कक्षा 11 की छात्राओं ने 22-15 के अंतर से जीत हासिल की। जूनियर वर्ग में फाइनल मुकाबला कक्षा नौ और कक्षा 10 की छात्राओं के बीच हुआ। जिसमें कक्षा नौ की छात्राओं ने कक्षा 10 की छात्राओं को रोमांचक मुकाबले में 16-15 से पराजित कर जीत हासिल की। अजय यादव और शिवराज सिंह यादव ने निर्णायक की भूमिका अदा की। स्कोरिंग शिवराम सिंह यादव ने की। वीरेश शर्मा ने टाइम कीपर की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर स्वर्गीय राजेंद्र सिंह यादव की स्मृति में उनकी पुत्र बधू बीना यादव ने विजेता व उपविजेता छात्राओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं किसी से कम नहीं होती है। उनके अंदर प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझें। उन्होंने छात्राओं को जीवन में सफलता का मूल मंत्र भी दिया। प्रशासनिक प्रधानाचार्य प्रफुल्ल यादव ने कहा कि आज छात्राएं प्रत्येक क्षेत्र में आगे निकलकर आ रही हैं। वे किसी भी क्षेत्र में अब पिछड़ी नहीं हैं। अंत में सभी ने अपराजिता संकल्प लिया। (14-12-18)