Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

गुड टच और बैड टच में समझें फर्क, मुश्किलों का करें सामना : एसपी क्राइम

Published - Tue 18, Feb 2020

एसपी क्राइम शिवराम यादव ने बताया कि बेटियां गुड टच और बैड टच को समझें। कोई व्यक्ति गलत व्यवहार करता है तो उसकी शिकायत अपने अभिभावक से करें, यदि अभिभावक से अपनी बात कहने में हिचक हो रही है तो वह अपनी बात अपने टीचर से कहें।

sp crime shivram yadav

बुलंदशहर। बेटियों को गुड टच व बैड टच में फर्क समझना होगा, साथ ही मुश्किलों का डटकर सामना करने के लिए हर पल तैयार रहें। यह विचार शुक्रवार को अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत नगर के छत्रपति शिवाजी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में एसपी क्राइम शिवराम यादव ने व्यक्त किए। इस दौरान नगर कोतवाल ने भी छात्राओं का मनोबल बढ़ाया।

एसपी क्राइम, नगर कोतवाल और विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मां सरस्वती और मां भारती के तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्य अतिथि एसपी क्राइम शिवराम यादव ने छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि वह अपने साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद क रें, पुलिस परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा है, पुलिस को अपनी समस्याएं बताइए, पुलिस से डरे नहीं मित्रवत रहें। साथ ही उन्होंने छात्राओं को गुड टच व बैड टच के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेटियां गुड टच और बैड टच को समझें। कोई व्यक्ति गलत व्यवहार करता है तो उसकी शिकायत अपने अभिभावक से करें, यदि अभिभावक से अपनी बात कहने में हिचक हो रही है तो वह अपनी बात अपने टीचर से कहें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि देश की बेटियां दुनिया भर में आज नाम रोशन कर रही हैं। अंतरिक्ष तक देश की बेटियों ने प्रतिनिधित्व किया है। वहीं, इस दौरान नगर कोतवाल अरुणा राय ने पुलिस व इमरजेंसी के नंबर 112 और महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले डायल 100 पर आप अपनी शिकायतें बता सकते थे। लेकिन, अब इस नंबर के बजाए डायल 112 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस चंद मिनटों में ही आपकी समस्या के समाधान के लिए आपके समक्ष पहुंच जाएगी। साथ ही उन्होंने 1090 के बारे में बताया कि आपकी पहचान को पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा। इस दौरान उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज वह जो कुछ भी हैं अपनी इच्छाशक्ति के कारण हैं। हर छात्रा, युवती और महिला को अपनी इच्छाशक्ति को दृढ़ रखना होगा। किसी भी गलत बात को नहीं सहना होगा। स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश ने कहा कि अमर उजाला का अपराजिता 100 मिलियन स्माइल कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए अच्छी पहल कर रहा है। वर्तमान में नारी की भागीदारी शोभनीय व सराहनीय है। इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य रामकुमार, शिक्षक शैलेश प्रताप सिंह मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम का संचालन छात्र अनुराग व विवेक ने किया।

बोलीं छात्राएं..

  • एसपी क्राइम व नगर कोतवाल मैडम ने हमसे बात कर हमारे अंदर से पुलिस के डर को खत्म किया है। उनकी प्रेरणा से हमें अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की हिम्मत मिली है। - ताषु चौधरी, छात्रा
  • पहले हमें पता था कि पुलिस को सूचना देने का नंबर डायल 100 है, लेकिन पुलिस अधिकारियों से आज नंबर बदलने और उसके स्थान पर डायल 112 होने की जानकारी मिली। इस संबंध में परिजनों व अन्य लोगों को भी जागरूक करूं ग्री। - शालू चौधरी, छात्रा
  • कार्यक्रम के दौरान इच्छाशक्ति को बल मिला है, 1090 महिला हेल्पलाइन के बारे में भी आवश्यक जानकारी आज मिली है। अब किसी भी अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए हमें अपनी शक्तियों का एहसास हुआ है। - श्रीती राठी, छात्रा
  • पुलिस के प्रति जो हमारे अंदर डर की भावना थी, वह आज दूर हुई है। जिस तरह उन्होंने हमसे संवाद किया उसने इच्छाशक्ति को बढ़ाया है। अब अपमान नहीं सहेंगे, परिवार को और अन्य लोगों को भी जागरूक करेंगे। - दीक्षा शर्मा, छात्रा
  • अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत काफी जानकारी मिली है। महिला सशक्तिकरण के इस उद्देश्य को जनजन तक पहुंचाना काफी सराहनीय है। - कंचन लोहिया, छात्रा
  • कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति से जुड़े काफी तथ्य जानने का मौका मिला, मुख्य अतिथि ने जिस तरह आत्मबल को बढ़ाया है, उससे दृढ़ इच्छाशक्ति से पहले से अधिक मजबूत हुई है। - अंजलि वर्मा, छात्रा
  • डायल 100 से डायल 112 की जानकारी होना बहुत आवश्यक था। भविष्य में इस नंबर के जरिए अपनी शिकायत करेंग। साथ ही परिजनों, रिश्तेदारों व अन्य लोगों को भी इस संबंध में जागरुक करेंगे। - अंजलि राघव, छात्रा
  • पुलिस के प्रति काफी रोचक जानकारी हासिल हुई है, भविष्य में खुद को और भी मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत कर देश का नाम रोशन करूंगी। - पूजा शर्मा, छात्रा
  • पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम से आत्मबल बढ़ा है। डायल 112 और 1090 की जानकारी मिली है। - प्रिया शर्मा, छात्रा
  • भविष्य में आत्मबल को मजबूत कर मुश्किलों को डटकर सामना करूंगी। किसी भी दशा में पराजित नहीं होना है। हम अपराजिता बनके दिखाएंगे। - निकिता