Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

जया ने दो हजार बच्चियों को स्कूल भेजा, महिलाओं को भी बना रहीं सशक्त

Published - Mon 25, Mar 2019

अपराजिता चेंजमेकर्स

aparajita changemakers jaya mishra sitarganj nainital

सितारगंज। शिक्षा और विकास में पिछड़ी महिलाओं को तरक्की के रास्ते पर लाने के लिए सितारगंज की जया मिश्रा ने नजीर पेश की है। अब तक वह करीब दो हजार बालिकाओं का विभिन्न सरकारी स्कूलों में दाखिला करा चुकी हैं। साथ ही आंगनबाड़ी की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों बालवाड़ी खोलते हुए छोटे बच्चों को वहां जोड़ा। तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार से सम्मानित जया का दावा है कि वह अब तक 40 हजार से ज्यादा महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को महिला सुरक्षा, कन्या भ्रूण हत्या, बालिका शिक्षा, मानव तस्करी, अधिकारों की जानकारी देकर सशक्त बना चुकी हैं। जनजाति और अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं को उन्नति के रास्ते पर लाने के लिए जया 19 साल से कार्य कर रही हैं। जया कहती हैं कि सिविल सर्विसेज में जाना चाहती थीं, लेकिन अपने आसपास जब उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की बदहाली को देखा तो लक्ष्य ही बदल गया। उन्होंने कुमाऊं सेवा समिति के माध्यम से महिलाओं व बच्चों की बेहतरी के लिए कार्य करना शुरू किया। वह जनजाति महिलाओं को हस्तशिल्प और अन्य स्वरोजगार का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रही हैं।