Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

स्वस्थ समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान अहम

Published - Tue 09, Jul 2019

जिला अस्पताल प्रशिक्षण कक्ष में आशा कार्यकर्ताओं की हुई गोष्ठी

रामपुर। अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल अभियान के तहत बालिका स्वास्थ्य पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में आशा कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें बालिका और  महिला स्वास्थ्य में आशाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
जिला अस्पताल के प्रशिक्षण कक्ष में हुई गोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों से आई आशा कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे। मिलक क्षेत्र के परमपुर मझरा से आई आशा कार्यकर्ता कविता ने कहा कि गांव को साफ रखने में महिलाओं को जागरूक करना होगा क्योंकि महिलाएं ही स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकती हैं। मोहनपुर गांव की आशा कार्यकर्ता प्रियंका और लाड़पुर गांव की ममता ने कहा कि बालिकाओं को अक्सर पुरानी परंपरा में पोषणयुक्त भोजन नहीं दिया जाता लेकिन, आशा कार्यकर्ता अब इसमें सुधार कर रही हैं। बालिकाओं को सेहतमंद बनाने के लिए पोषण युक्त भोजन के प्रति महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है और पोषाहार का वितरण भी किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रशिक्षक डॉ. कुलदीप चौहान ने आशाओं से कहा कि हर मां अपनी बेटी को बिना किसी भेदभाव के पोषण कर शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाएं। इस बात का वादा प्रत्येक महिला से करवाएं। किशोरियों को माहवारी स्वच्छता की जानकारी पहले से ही देना शुरू करने के लिए माताओं को प्रेरित करें। इस दौरान डॉ. ओमकार सिंह, सईद अहमद, सीमा देवी, मीना देवी, शकुंतला, फरहान, सईमा आदि मौजूद रहे।