Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

पांच साल की उम्र में शानवी को देशभर का ज्ञान

Published - Sun 18, Oct 2020

कहते हैं प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। कुछ ऐसी ही असीम प्रतिभा की धनी हैं, अंबाला की रहने वाली पांच साल की शानवी। शानवी सामान्य ज्ञान से लेकर राजनीति तक के जुड़े सवालों का जवाब चंद सेकेंडों में दे देती है। उसकी इस हाजिर जवाबी की वजह से सब उसे गूगल गर्ल कहते हैं। उसकी इस काबिलियत का पता माता-पिता को कोरोना काल में ही लगा। अब उसका वीडियो सोशल मीडिया में छाया हुआ है।

shanvi

अंबाला। अगर कंप्यूटर से भी तेज दिमाग की बात करें तो बच्चों में सबसे पहला नाम कौटल्या पंडित का नाम जहन में आता है जो पलक झपकते ही हर सवाल का जवाब दे देता है लेकिन हम बात कर रहे हैं, अंबाला की बच्ची शानवी की। जिसे महज पांच साल की उम्र में सामान्य ज्ञान से लेकर राजनीतिक, ज्योग्राफी, सौर मंडलों की इतना ज्ञान है कि चंद सेकेंडों में ही वह जवाब दे देती है। यही कारण है कि अंबाला में जो भी इस बच्ची को देखता है तो गूगल गर्ल के नाम से पुकारने लगता है। हालांकि पहले परिजनों को बच्ची के इस टेलेंट के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन कोरोना काल के बीच लॉकडाउन में बच्ची के ज्ञान को देखकर वह खुद हैरान हो गए। परिजनों को नहीं पता कि इतनी छोटी उम्र में उनकी बच्ची देशभर का ज्ञान कैसे रखती है। हालांकि उसके माता-पिता आज तक अपनी बच्ची के टेलेंट का पता लगाने के लिए अपने शहर से बाहर नहीं निकल सके हैं। 

पहली कक्षा की छात्रा है शानवी, हर देश की राजधानी है याद 

शानवी को हर देश की राजधानी  और सौर मंडल से जुड़ी हर जानकारी याद है। पहली कक्षा में पढ़ने वाली शानवी का दिमाग कंप्यूटर से भी तेज चलता है। उसे कुछ भी पढ़ने के लिए दिया जाता है तो वो कुछ ही समय में पूरा याद कर लेती है। पिता प्रकाश गिल ने बताया कि वह खुद सौंडा के सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। कई सवालों में जवाबों में भले ही वह अटक जाए, लेकिन बच्ची जवाब देने से पीछे नहीं हटती। 

सोशल मीडिया पर छा रहा है शानवी का वीडियो 

शानवी के पिता प्रकाश ने बताया कि सवालों का सरपट जवाब देने का उसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। शानवी बिना किसी देरी के संबंधित विषय के बारे में जानकारी दे रही है। बच्ची बड़ी होकर आईपीएस ऑफिसर बनना चाहती है। जो भी शानवी की वीडियो एक बार देखता है, वह दंग रह जाता है और आगे भेजना नहीं भूलता। यही कारण है कि अब उनकी बेटी को अधिकतर लोग गूगल गर्ल के नाम से भी पुकारने लगे हैं।