Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

स्टेशन पर भीख मांगने वाली रातों रात बन गई मशहूर हस्ती

Published - Tue 13, Aug 2019

कल तक स्टेशन पर लता मंगेशकर के गीत गाने वाली एक भिखारिन देखते ही देखते मशहूर हस्ती बन गई। देश नहीं बल्कि दुनिया भर से उसके पास गीत गाने के ऑफर आ रहे हैं।

ranu mandal

आपके पास हुनर हो तो सोशल मीडिया के इस जमाने में आपको आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। तकदीर भी आपसे दो कदम आगे चलेगी। कल तक स्टेशन पर लता मंगेशकर के गीत गाने वाली एक भिखारिन देखते ही देखते मशहूर हस्ती बन गई। देश नहीं बल्कि दुनिया भर से उसके पास गीत गाने के ऑफर आ रहे हैं। महज कुछ दिनों में उसका रूप रंग सब बदल गया। हो सकता है कि कुछ ही दिनों में एक नए लुक में उसका कोई नया वायरल वीडियो आपके मोबाइल फोन पर आ जाए। 
स्टेशन पर गाना गाने वाली रानू मंडल की कहानी किसी परिकथा जैसी है। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया एक भीख मांगने वाली महिला के कई गाने तेजी से वायरल हुए थे। जिसे आप ने भी सुना ही होगा। इन गानों में एक भीख मांगने वाली महिला रेलवे स्टेशन पर बैठी है और बेहद सुरीली आवाज में गाना गा रही है- 'एक प्यार का नगमा है, मौजों की रवानी है, जिंदगी और कुछ भी नहीं, तेरी मेरी कहानी है।' उसकी आवाज हू-ब-हू लता मंगेशकर जैसी सुरीली है। लोग इस वीडियो को दूसरी लता मंगेशकर बताकर खूब शेयर भी कर रहे थे। यहां तक बॉलीवुड के स्टार सिंगर शंकर माहादेवन ने जब इस वीडियो को देखा तो वह भी उस महिला के बारे में जानने के लिए उत्सुक हो गए और इसके लिए उन्होंने ट्वीट भी किया।


कुछ ही दिन में वह महिला इतनी फेमस हो गई कि उसके पास गाने के लिए बड़े-बड़े शो से ऑफर आने लगे। उन्हें कोलकाता, मुबई, केरला यहां तक की बांग्लादेश से भी फोन कर लोग उन्हें गाने का ऑफर दे रहे हैं। किस्मत का खेल निराला है यह कब किस करवट बैठ जाए कोई नहीं जानता। अभी तक सड़कों पर और रेलवे स्टेशन पर भीख मांगने वली महिला रानू मंडल महज एक वीडियो वायरल होते ही इतनी फेमस हो गई है कि उनको बड़े-बड़े शोज में गाने का मौका मिल रहा है।
जैसे ही रानू मंडल की किस्मत बदली उनका रूप भी बदल गया। खबरों के मुताबिक रानू को मुंबई के शो सारेगामा कारवां के लिए मुंबई भी बुलाया जा रहा है। साथ ही आने-जाने का खर्चा भी उठाने को शो के स्पॉन्सर ही देने को तैयार हैं। सोशल मीडिया पर उनके रेलवे स्टेशन की तस्वीरों के साथ नए गेटअब की तस्वीर लगाकर भी खूब शेयर किया जा रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि मेकअप के बाद वह बिल्कुल बदली नजर आ रही हैं। उनको पहचानना मुश्किल हो रहा है कि यह वहीं महिला है जो कभी भीख मांगा करती थी।

कौन हैं रानू मंडल
रानू मंडल पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर की रहने वाली हैं। रानू का लालन-पालन उनकी आंटी ने किया है। रानू ने कम उम्र में ही मां को खो दिया था। पति की मौत के बाद रानू पश्चिम बंगाल के रानाघाट पर रोज आने जाने वाले यात्रियों के लिए गाना गाकर अपनी रोजी रोटी कमाती थीं। इसी दौरान रानू का गाना गाते हुए वीडियो किसी ने पश्चिम बंगाल के रानाघाट रेलवे स्टेशन पर रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया था।

बॉलीवुड में भी चर्चा
बॉलीवुड के फोटोग्राफर विरल भयानी ने उनके वीडियो को शेयर किया। जिसे लाखों लोगो ने देखा और अपने-अपने विचार भी दिए। जिसमें कुछ बॉलीवुड के स्टार भी शामिल हैं। विरल के शेयर किए हुए वीडियो पर सलमान खान की खास दोस्त संगीता बिजलानी ने कमेंट किया है। उन्होंने लिखा, 'सो स्वीट'। वहीं एक्टर करन टैकर ने लिखा, 'वाह यार'। सिंगर टोनी कक्कर ने भी इमोजी बनाई। एक्ट्रेस रूपाली जग्गा ने लिखा, 'ये बहुत अच्छा है।' इसके अलावा यूजर्स भी इस महिला की आवाजा को सराह रहे हैं। एक यूजर ने संगीता बिजलानी से कहा, 'कृपया इस वीडियो को सलमान खान के पास फॉरवर्ड कीजिए ताकि वो इसकी मदद कर पाएं और इन्हें मौका दें।'