Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

दुनिया में स्वराज ने बिखेरी सादगी की ‘सुषमा’ 

Published - Thu 08, Aug 2019

वैश्विक मंच पर सुषमा स्वराज को किया गया याद, हर किसी ने बताया शानदार नेता 

shusma swaraj

ह्यूस्टन/संयुक्त राष्ट्र/नई दिल्ली। दुनिया के तमाम देशों ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया। किसी ने उन्हें महान नेता, किसी ने सादगी भरा व्यक्तित्व तो किसी ने उन्हें देश के नागरिकों की फिक्र करने वाला और मदद को हमेशा तत्पर रहने वाला बताया। दुनिया भर में इस महान नेता ने अपनी सादगी की जो सुषमा बिखेरी है उसको लेकर आज उन्हें यूएन समेत सभी राष्ट्रों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 
ह्यूस्टन में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के महा सचिव जगदीप आहलूवालिया ने कहा, सुषमा को विदेश मंत्रालय और विभिन्न देशों में दूतावास के जरिए संपूर्ण विश्व में भारतीयों की मदद के लिए याद किया जाएगा। ह्यूस्टन में 2017 की बाढ़ के दौरान विश्वविद्यालय में फंसे 200 भारतीय छात्रों को निकालने में उन्होंने जिस तरह से पूरी स्थिति को संभाला वह काबिले तारीफ है। ओक्लाहोमा विश्वविद्यालय  में प्रोफेसर और पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त सुभाष काक ने कहा, उनके निधन की खबर से स्तब्ध हूं। वह एक शालीन नेता थीं, विदेश मंत्री के तौर पर उनका पांच साल का कार्यकाल स्वर्णिम था। यहां मौजूद पूरा समाज उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है। 

सुषमा एक शानदान महिला नेता : मारिया 
संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फरनांडा एस्पिनोसा ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि सुषमा एक शानदार महिला नेता थीं और उन्होंने जनता के सेवा के लिए अपना पूरा जीवन दे दिया। भारत यात्रा के दौरान एक बार मुझे उनसे मिलने का मौका मिला जो मेरे लिए यादगार बन गया। उन्हें कभी भूल नहीं पाऊंगी। मारिया ने सुषमा के परिवार के प्रति सांत्वना प्रकट की।

अकबरुद्दीन ने ट्वीट किया सुषमा का वीडियो
यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत सैय्यद अकबरुद्दीन ने सुषमा के भाषणों का वीडियो ट्वीट कर एक भावुक संदेश लिखा, ‘आप हमेशा याद रहेंगी मैडम सुषमा स्वराज, अपनी यादों में हम हमेशा आपको जिंदा रखेंगे। यूएन में आपके साथ बिताया हर पल हमें उम्रभर याद रहेगा।’ सुषमा स्वराज कई बार यूएन में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 21 जून 2015 को पहले योग दिवस के मौके पर भी सुषमा यूएन में थीं।

आपके लिए खाना पकाना सौभाग्य
मिशेल से चर्चित शेफ विकास खन्ना ने ट्वीट किया, न्यूयॉर्क में सुषमा जी जब भी आतीं उनके लिए मुझे खाना पकाने का मौका मिलता। इसके लिए शुक्रगुजार हूं। वह मुझे हमेशा दुनिया फतह करने के लिए प्रोत्साहित करती थीं। आप असली मदर इंडिया थीं।’ - शेफ विकास खन्ना 

दुनिया के इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि 

  • ‘बांग्लादेश ने अपना खास मित्र खो दिया। उनके योगदान हमेशा याद रहेंगे। भारत के साथ हमारे संबंधों को ऊंचाइयों पर ले जाने में सुषमा का बड़ा हाथ था।’ - शेख हसीना, प्रधानमंत्री बांग्लादेश
  • ‘सुषमा जी के निधन पर स्तब्ध हूं। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके साथ मेरी कई यादें हैं जो हमेशा सुषमा को मेरी स्मृतियों में जिंदा रखेंगी। ’ - जारीफ, विदेश मंत्री ईरान 
  • ‘सुषमा जी मेरी बहन जैसी थीं, उनके निधन की खबर से दुखी हूं। भारत और बहरीन के रिश्तों में उनके योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता।’ - खालिद बिन अहमद अल खलीफा, विदेश मंत्री, बहरीन
  • ‘बहन जी सुषमा के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। वह एक बड़ी जन नेता थीं, मैं इस दुख की घड़ी में भारत की जनता, सुषमा जी के परिवार और मित्रों के प्रति सांत्वना व्यक्त करता हूं।’ - हामिद करजई, पूर्व राष्ट्रपति, अफगानिस्तान
  • ‘सुषमा स्वराज के निधन पर भारत की जनता और उनके परिवार के प्रति हम गहरा शोक प्रकट करते हैं।’ - विदेश मंत्रालय रूस