Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

जितना बड़ा व्यक्तित्व, उतनी ही सरल थीं सुषमा

Published - Thu 08, Aug 2019

महिला उद्यमी संस्थान की नोएडा में सुषमा स्वराज ने ही रखी थी नींव

sushma swaraj

नोएडा। सुषमा स्वराज की सभी तारीफ ही करते हैं। प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्षा विमला बाथम ने सुषमा के कई संस्मरण सुनाए। उन्होंने कहा कि नोएडा में उनकी प्रेरणा से ही महिलाएं उद्यमी बनी हैं। नोएडा में फैक्टरी लगाई लेकिन उस वक्त महिला उद्यमियों की संख्या न के बराबर थी। 1999 में सुषमा से मुलाकात हुई। इस दौरान महिला उद्यमी संगठन बनाना था। जब उनसे पूछा गया कि क्या वो नोएडा आएंगी तो तुरंत जवाब दिया कि ऐसे काम के लिए पूछने की जरूरत नहीं है। बताओ कब आना है। विमला ने बताया 22 मार्च 1999 में सेक्टर-27 क्लब में आयोजित कार्यक्रम में सुषमा ने महिला उद्यमी संगठन का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा था कि मैं चाहती हूं कि नोएडा में महिलाएं भी फैक्ट्री चलाएं। उनकी ही प्रेरणा से आज 100 से भी ज्यादा संगठन की सदस्य हैं। जब भी सुषमा मिलती थीं तो पूछती थी कि महिलाओं का कारोबार कैसा चल रहा है। सेक्टर-12 में मातृ शक्ति प्रोग्राम में भी वह आई थीं और उनके साथ मंच भी साझा किया था। वह जब भी मिलती थीं, तो गले लगा लेती थीं।

दीवाली पर दिया गिफ्ट हमेशा याद रहेगा
विमला ने बताया कि पिछली दीवाली पर दिल्ली में सुषमा से मिलने गई थीं। उन्होंने चांदी की लक्ष्मी की मूर्ति गिफ्ट में दी थी। उस मूर्ति को घर के मंदिर में रखा है। उनकी याद कभी भुलाई नहीं जा सकेगी।

अंतिम संस्कार में शामिल हुए महेश शर्मा 
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात को जैसे ही सूचना मिली वह दिल्ली पहुंच गए थे। बुधवार को भी आवास से लेकर पार्टी दफ्तर तक उनके पार्थिव शरीर के दर्शन के दौरान साथ रहे। शाम को अंतिम क्रिया में भी शामिल हुए। देर रात नोएडा वापस आए। उन्होंने बताया कि सुषमा स्वराज को जो भी देखने आया, उसकी आंखें नम रहीं। उनके चमत्कारिक व्यक्तित्व को भारतीय राजनीति में भुलाया नहीं जा सकेगा।

उद्यमियों ने सुषमा स्वराज को दी श्रद्धांजलि
नोएडा। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शहर के उद्यमियों ने दुख प्रकट किया है। सेक्टर-6 स्थित एनईए सभागार में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजली दी गई। एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन ने कहा कि सुषमा स्वराज एक ईमानदार, कर्मठ, अनुशासन प्रिय, सच्ची देश भक्त व सादगीपूर्ण जीवन जीने वाली महिला थीं। उनकी मृत्यु से हर कोई दुखी है। देश ने राजनीति के एक रत्न को खो दिया है, उनके जैसी आदर्श नारी की भारतीय राजनीति में भरपाई मुश्किल है। इस मौके पर महासचिव वीके सेठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कोहली, धर्मवीर शर्मा, कोषाध्यक्ष शरद चंद्र जैन, सह कोषाध्यक्ष नीरू शर्मा, सह सचिव पियूष मंगला, राजन खुराना, एसके महाजन, नरेंद्र थरेजा, संदीप बांदा सहित कई उद्यमी मौजूद रहे।